छपवा तिराहे पर लगी कारगिल शहीद की प्रतिमा हटाने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: महराजगंज जिले में गोरखपुर–सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन निर्माण के दौरान कारगिल युद्ध के शहीद पूरन बहादुर थापा की मूर्ति हटाए जाने का मामला सामने आया है। निर्माण एजेंसी PNC पर सड़क चौड़ीकरण के नाम पर मूर्ति को हटाकर अपमानजनक तरीके से रखने का आरोप लगाया गया है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और कांग्रेस पार्टी में भारी रोष है।
बताया जा रहा है कि नौतनवा के दक्षिणी बाइपास स्थित छपवा तिराहे पर शहीद पूरन बहादुर थापा की स्मृति में यह प्रतिमा स्थापित की गई थी। वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान 26 जुलाई को पूरन बहादुर थापा देश के लिए शहीद हो गए थे। हर साल उनके शहादत दिवस पर विभिन्न राजनीतिक दल और सामाजिक संगठन उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
आरोप है कि फोरलेन निर्माण कार्य कर रही PNC के कर्मचारियों और अभियंताओं ने सड़क चौड़ीकरण के दौरान मूर्ति को उखाड़कर किनारे फेंक दिया। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद पुलिस के हस्तक्षेप से मूर्ति को सड़क किनारे एक तरफ रख दिया गया। लोगों का कहना है कि यह शहीद का अपमान है।
इस मामले में जिला कांग्रेस कमेटी, महाराजगंज के अध्यक्ष एडवोकेट विजय सिंह ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने और मूर्ति को सम्मानपूर्वक किसी सार्वजनिक स्थान पर पुनः स्थापित कराने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी 9 मार्च को छपवा चौराहे पर धरना प्रदर्शन करेगी।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 