लखनऊ के नाका इलाके में मां की हत्या के मामले में पुलिस की जांच में कई अहम बातें सामने आई हैं। 17 वर्षीय नाबालिग पर अपनी मां की हत्या का आरोप है। पुलिस के मुताबिक घटना अचानक नहीं हुई थी, बल्कि आरोपी ने पहले से इसकी तैयारी कर रखी थी। जांच के दौरान उसके पास से एक डायरी मिली है...
लखनऊ, पर्दाफाश। लखनऊ के नाका इलाके में मां की हत्या के मामले में पुलिस की जांच में कई अहम बातें सामने आई हैं। 17 वर्षीय नाबालिग पर अपनी मां की हत्या का आरोप है। पुलिस के मुताबिक घटना अचानक नहीं हुई थी, बल्कि आरोपी ने पहले से इसकी तैयारी कर रखी थी। जांच के दौरान उसके पास से एक डायरी मिली है, जिसमें हत्या से जुड़े कदमों के साथ-साथ घटना के बाद की जाने वाली गतिविधियों का भी जिक्र था।
पुलिस के अनुसार आरोपी बेटे ने इंटरनेट की मदद से यह डायरी तैयार की थी। हत्या में इस्तेमाल किया गया मास्टर रिंच यानी पाना भी उसने ऑनलाइन मंगवाया था। इसके अलावा वह पेपर स्प्रे लेकर भी पहुंचा था। पुलिस अब डायरी, मोबाइल फोन और दूसरे सामान के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले उसने किस तरह तैयारी की थी।
मां से मिलने के बहाने घर पहुंचा था बेटा
वारदात गुरुवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक नाबालिग अपनी मां से मिलने के बहाने घर पहुंचा था। उसने मां से चाय बनाने की बात कही। इसके बाद दोनों कमरे में गए और करीब 15 मिनट तक दरवाजा बंद रहा।
इसी दौरान मां पर हमला किया गया। घटना के बाद नाबालिग ने खुद अपने पिता और पुलिस को फोन किया। उसने पुलिस से कहा कि उसने अपनी मां की हत्या कर दी है और पुलिस को मौके पर आने के लिए कहा। सूचना मिलने के बाद डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उस समय नाबालिग अपनी मां के शव के पास बैठा हुआ था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
डायरी में घटना के बाद की तैयारी का भी जिक्र
पुलिस को मिली डायरी जांच का अहम हिस्सा बन गई है। इसमें हत्या से जुड़े सामान के अलावा घटना के बाद साक्ष्य मिटाने से संबंधित बातें भी दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक डायरी में गर्म पानी रखने का भी जिक्र था। पुलिस ने डायरी के साथ मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल हुआ रिंच और वारदात के समय आरोपी के पहने कपड़ों को कब्जे में लिया है। इन सभी को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। फ्लैट को भी पुलिस ने सील कर दिया है।
घटना के समय आरोपी के पिता चारबाग स्थित अपनी दुकान पर थे। बेटे के फोन से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
परिवार में रोक-टोक को लेकर रहता था विवाद
पुलिस की जांच में परिवार के भीतर लंबे समय से चल रहे विवाद का पहलू भी सामने आया है। बताया गया है कि किशोर को माता-पिता की रोक-टोक पसंद नहीं थी और कई बार वह आक्रामक व्यवहार करता था। उसके पहनावे और सजने-संवरने को लेकर भी परिवार में मतभेद होने की बात सामने आई है।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक किशोर की उम्र के साथ उसका व्यवहार भी बदलने लगा था। 10-11 वर्ष की आयु से ही वो अपनी जेंडर पहचान को लेकर परेशान था। घर में इसको लेकर आये दिन विवाद और मारपीट की स्थिति बनने के कारण 4 महीने पहले ही परिवार ने गणेशगंज में उसके लिए फ्लैट लिया था जहां वह अकेला रहता था।
पिता बोले- बेटे का इलाज चल रहा था
किशोर के पिता का कहना है कि बेटे की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर अलग-अलग अस्पतालों में उसका इलाज चल रहा था। पुलिस इस पहलू के साथ-साथ परिवार में चल रहे विवाद और हत्या की वजह की भी जांच कर रही है।
नाका थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि किशोर के पिता का कहना है कि बेटे का मानसिक स्वास्थय समस्याओं का इलाज कई अस्पतालों में चल रहा था। फिलहाल पुलिस संरक्षण में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना से जुड़ी जानकारी आरोपी के मोबाइल फोन में होने की संभावना है लेकिन वह अभी मोबाइल का पासवर्ड नहीं बता रहा है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान को जांच के लिए भेज दिया है और हत्या की वजह समेत पूरे मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।