देश में एसआईआर (SIR) को लेकर छिड़ा विवाद बढ़ता ही जा रहा है। अब चुनाव आयोग (Election Commission) के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अब ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) चीफ असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) भी सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) पहुंच गए हैं।
नई दिल्ली। देश में एसआईआर (SIR) को लेकर छिड़ा विवाद बढ़ता ही जा रहा है। अब चुनाव आयोग (Election Commission) के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अब ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) चीफ असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) भी सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) पहुंच गए हैं। असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के तौर-तरीकों को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) का रुख किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) इस मुद्दे पर पहले से लंबित अन्य याचिकाओं के साथ ओवैसी की याचिका पर भी सुनवाई करने के लिए सहमत हो गई है।
बता दें कि इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष के 10 प्रमुख नेताओं ने भी SIR और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दायर की हैं। ओवैसी की ओर से पेश वकील निजामुद्दीन पाशा ने मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ से अनुरोध किया कि उनकी याचिका को उन याचिकाओं के साथ सूचीबद्ध किया जाए जिन पर गुरुवार को सुनवाई होनी है।
पाशा ने याचिका का उल्लेख करते हुए पीठ को बताया कि यह मामला एसआईआर की प्रक्रिया लागू करने के तौर-तरीकों से संबंधित है। इस अनुरोध पर मुख्य न्यायाधीश की अगुवाई वाली पीठ ने संकेत दिया कि वह इस मामले और इसी तरह की अन्य याचिकाओं के संदर्भ में विचार करेगी।
लगातार हमलावर हैं ओवैसी
बता दें कि ओवैसी भले ही अन्य विपक्षी दलों के साथ इंडिया गठबंधन के बीते सप्ताह हुए विरोध प्रदर्शनों में शामिल नहीं हुए हो, लेकिन वे एसआईआर (SIR) प्रक्रिया और मतदाता सूची से कथित तौर पर नाम हटाए जाने को लेकर लगातार हमलावर हैं। हाल ही में उन्होंने एक बयान में कहा था कि भाजपा सरकार ने CEC के चयन के लिए जो कानून बनाया है, उसे बदलने की जरूरत है।
ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के इस्तीफे की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को चुने जाने की प्रक्रिया गलत है। वो पूरी तरह से कार्यपालिका के पक्ष में है। प्रधानमंत्री चुनेंगे एक मंत्री को जो कानून मंत्री हैं। फिर एक नेता प्रतिपक्ष हैं। उसको बदलने की जरूरत है। सबसे बड़ी समस्या मुख्य चुनाव आयुक्त का चुनाव है। वो गलत है, उसे ठीक करना चाहिए।
मुस्लिमों को हटाने की कोशिश के आरोप
इससे पहले असदुद्दीन ओवैसी ने SIR के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा ‘फॉर्म-7’ जमा करके मुस्लिम मतदाताओं के नाम हटवाने की कोशिश के आरोप भी लगाए थे। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा जारी रहा तो दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के आंदोलन से भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि फॉर्म-7 जमा करने वाले व्यक्ति का नाम नहीं बताया जा रहा है। बता दें कि फॉर्म-7 एक मतदाता आवेदन फॉर्म है, जिसका इस्तेमाल मौजूदा मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने के प्रस्ताव पर आपत्ति जताने के लिए किया जाता है। वहीं ओवैसी के इन आरोपों पर तेलंगाना भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एनवी सुभाष ने कहा उन्हें कानूनी रास्ता अपनाने की नसीहत दी थी।