1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. जम्मू-कश्मीर के पुंछ में बारिश बनी आफत, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से 11 की मौत, कई लोग अब भी लापता

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में बारिश बनी आफत, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से 11 की मौत, कई लोग अब भी लापता

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने लोगों की जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी है। शनिवार रात शुरू हुई तेज बारिश रविवार सुबह तक जारी रही जिसके चलते कई जगहों पर अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुईं। अब तक अलग-अलग हादसों में 11 लोगों की जान जा चुकी है...

By Harsh 
Updated Date

पुंछ। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने लोगों की जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी है। शनिवार रात शुरू हुई तेज बारिश रविवार सुबह तक जारी रही जिसके चलते कई जगहों पर अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुईं। अब तक अलग-अलग हादसों में 11 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोगों के अब भी मलबे में दबे होने या लापता होने की आशंका जताई जा रही है। हादसों में चार लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें तीन मासूम बच्चे शामिल हैं।

पढ़ें :- आखिर कौन हैं सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे.आंग्मो? हर संघर्ष में बनीं सबसे मजबूत साथी

सुरनकोट में सबसे ज्यादा तबाही

बारिश का सबसे ज्यादा असर सुरनकोट तहसील में देखने को मिला। यहां कई रिहायशी मकान भूस्खलन की चपेट में आ गए। कई परिवारों को रातों-रात अपने घर छोड़ने पड़े। प्रशासन, पुलिस और सेना की टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान चला रही हैं।

एक ही परिवार के कई सदस्य मलबे में दबे

लोअर मड़ा गांव में पहाड़ी से भारी मलबा एक मकान पर आ गिरा। मकान पूरी तरह ढह गया और उसमें रह रहे मोहम्मद लतीफ समेत परिवार के कई सदस्य दब गए। रेस्क्यू टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद मलबे से आठ शव बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि तलाश अभियान अभी भी जारी है।

पढ़ें :- 30 साल बाद लौटेगा जवान का शव, एवरेस्ट में इतने सालों तक पर्वतारोहियों के लिए था सबसे महत्वपूर्ण लैंडमार्क

अलग-अलग गांवों से भी आई दर्दनाक खबरें

बारिश का कहर सिर्फ एक इलाके तक सीमित नहीं रहा। संगलेयानी गांव में मकान गिरने से 18 साल के एक युवक की मौत हो गई। मरहोट गांव में तेज बहाव वाले नाले में बहने से इरम नाम की नाबालिग लड़की की जान चली गई। वहीं धुंधक लठूंग पुल के पास एक अज्ञात महिला का शव भी बरामद हुआ है। उधर नूनाबांडी गांव में मकान ढहने से 28 वर्षीय नाजिया कौसर की मौत हो गई। उनके पति मोहम्मद हफीज और दो से छह साल की उम्र के तीन बच्चों को गंभीर हालत में मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे

हालात की गंभीरता को देखते हुए पुंछ के उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शफकत हुसैन ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया। दोनों अधिकारियों ने राहत कार्यों की समीक्षा की और बचाव दलों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। सेना, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार प्रभावित परिवारों तक मदद पहुंचाने में लगी हुई हैं।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

पढ़ें :- देश के 15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, पूर्वोत्तर राज्यों में चक्रवाती तूफान का खतरा

प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। जिले के हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत दल भी तैनात किए जाएंगे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...