उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई…
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों में एक बुजुर्ग और उनके दो भाइयों की पत्नियां शामिल हैं। हमलावरों ने घर में दौड़ा-दौड़ाकर वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित कुकुरकटवा गांव में सोमवार रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद पूरा परिवार सोने चला गया था।पढ़ें :- वाराणसी: शादी के 2 महीने बाद पति को बताई आप बीती, तो 6 साल बाद सलाखों के पीछे पहुंचा दुष्कर्म का आरोपी
मंगलवार सुबह जब पड़ोसियों और परिवार के अन्य सदस्यों की आंख खुली, तो घर के अहाते से लेकर बाहर तक खून से लथपथ लाशें बिखरी पड़ी थीं। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू, उनके भाई नींबू लाल की पत्नी अमरावती (58) और दिवंगत भाई दूधनाथ की पत्नी इंद्रावती (55) के रूप में हुई है। घटनास्थल की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने भारी वस्तु, मुमकिनतः कुल्हाड़ी या लोहे की रॉड से सिर पर वार कर तीनों को मौत के घाट उतारा है। वारदात के समय घर में मौजूद 60 वर्षीय एक अन्य महिला सुरक्षित पाई गई है, जिसे मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है।
घटना के संबंध में मृतक श्यामलाल के भाई नींबू लाल ने बताया कि वह रात में अंदर कमरे में सो रहे थे, जबकि बाकी सदस्य बाहर अहाते में थे। सुबह बाहर निकलने पर उन्हें इस सामूहिक हत्याकांड का पता चला, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को इकट्ठा किया। नींबू लाल के मुताबिक, श्यामलाल की 19 वर्षीय बेटी का पड़ोस के ही एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है, जो फिलहाल तीन दिन से अपने ननिहाल गई हुई है। आरोप है कि उक्त युवक ने 15 दिन पहले परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी लेकिन उस वक्त कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी यमुनापार विवेक चंद्र यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी पड़ोसी युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।