नेपाल बॉर्डर के खनुआ गांव में पहली बार पहुंची सड़क, दशकों की उपेक्षा खत्म
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नेपाल सीमा से सटे नौतनवा विकासखंड के ग्राम सभा खनुआ का पहाड़ी टोला अब आखिरकार सड़क सुविधा से जुड़ने जा रहा है। आज़ादी के बाद से विकास की मुख्यधारा से दूर रहे इस सीमाई गांव में पहली बार सड़क निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।
सीमा पर स्थित होने के कारण खनुआ के लोगों का प्रतिदिन भारत-नेपाल के बीच आवागमन होता है, लेकिन सड़क जैसी बुनियादी सुविधा न होने से ग्रामीण लंबे समय से परेशान थे। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों तक जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन देकर लौट जाते थे, मगर धरातल पर कोई काम नहीं हुआ।
इसी उपेक्षा के बीच ग्राम प्रधान आशा देवी की सक्रिय पहल पर सड़क निर्माण का रास्ता साफ हुआ। नौतनवा के ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया और स्थानीय विधायक ऋषि त्रिपाठी के सहयोग से खनुआ पहाड़ी टोला में लगभग 300 मीटर लंबे खड़ंजा मार्ग का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है। इसमें से करीब 150 मीटर हिस्से पर तेज गति से निर्माण कार्य जारी है।
निर्माण कार्य शुरू होते ही ग्रामीणों में उत्सव जैसा माहौल बन गया है। लोगों का कहना है कि सड़क बनने से न केवल दैनिक आवागमन सुगम होगा, बल्कि सीमा क्षेत्र में व्यापार, संपर्क और आर्थिक गतिविधियों में भी बढ़ोतरी होगी।
ग्राम प्रधान आशा देवी ने कहा, “दशकों से लंबित यह सपना अब पूरा होता दिख रहा है। गांव के लोग बेहद उत्साहित हैं और जनप्रतिनिधियों के सम्मान में विशेष स्वागत कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।”
स्थानीय लोगों की राय है कि सड़क का यह निर्माण खनुआ के विकास को नई दिशा देगा और सीमा क्षेत्र की सुविधाओं में महत्वपूर्ण सुधार लाएगा।
लंबे इंतज़ार के बाद खनुआ में विकास की नई राह सचमुच आकार लेने लगी है।