नेपाल भागने से पहले ही दबोचा गया तस्कर, सोनौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई—11 लाख की हेरोइन बरामद
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत–नेपाल सीमा पर नशा तस्करों पर कड़ी निगरानी के बीच सोनौली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम ने नेपाल भागने की फिराक में घूम रहे एक युवक को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पकड़ा, जिसकी तलाशी में 11 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद हुई। इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई है।
गिरफ्तार युवक की पहचान शिवा यादव (22 वर्ष) पुत्र केदार यादव, निवासी लक्ष्मीनगर टोला बैकुण्ठपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार युवक न्यू एसएसबी रोड पर संदिग्ध हालत में नेपाल सीमा की ओर बढ़ रहा था। पूछताछ व तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 11 ग्राम हेरोइन मिली, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई जा रही है।
थाना अध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि सीमा क्षेत्र में नशे का नेटवर्क ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार तेज किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए युवक को रोका गया, जिसके बाद इस तस्करी का खुलासा हुआ। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “सीमा पर नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर नहीं पनपने दिया जाएगा। ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।”
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय तस्करों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट