बस की भीषण टक्कर में इब्राहिम अंसारी की मौत, ग्रामीणों का उबाल—हाईवे घंटों रहा बंद
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: सोनौली कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में साइकिल सवार इब्राहिम अंसारी (45) की दर्दनाक मौत हो गई। घटना नेशनल हाईवे-24 पर कुन्सेरवां स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास हुई, जहाँ नेपाल के लुंबिनी से श्रावस्ती जा रही एक टूरिस्ट बस ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इब्राहिम अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना फैलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बस का पीछा किया और उसे छपवा टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। जाम लगते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना पर नौतनवा क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम, सोनौली थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा तथा नौतनवा पुलिस बल मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया। बाद में उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद और नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुँचे। अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई और न्याय का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खोलने की कवायद शुरू हुई।
बस में कुल 48 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट
