1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वाराणसी में 30 लाख के इनामी नक्सली का एनकाउंटर, NIA को भी थी तलाश

वाराणसी में 30 लाख के इनामी नक्सली का एनकाउंटर, NIA को भी थी तलाश

रविवार तड़के यूपी एटीएस की टीम का सामना झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) के कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता से हो गया। रामनगर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद 46 वर्षीय बृजेश घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया

By Harsh 
Updated Date

वाराणसी : रविवार तड़के यूपी एटीएस की टीम का सामना झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) के कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता से हो गया। रामनगर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद 46 वर्षीय बृजेश घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक उसके साथ बाइक पर मौजूद दूसरा व्यक्ति मौके से निकल भागा।

पढ़ें :- अलकायदा से जुड़ा आतंकी आजमगढ़ से गिरफ्तार, यूपी एटीएस ने नाकाम की बड़ी साजिश

बाइक पर आते ही ATS ने घेरा

पुलिस के मुताबिक एटीएस को बृजेश के वाराणसी में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद रामनगर इलाके में टीम ने निगरानी बढ़ाई। तेंगरा मोड़ से मुगलसराय की तरफ जा रही बाइक को रोकने की कोशिश की गई, जिस पर बृजेश अपने साथी के साथ सवार था। अधिकारियों का कहना है कि रोकने के दौरान बृजेश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। इस दौरान उसके साथी ने मौका पाकर वहां से भागने में कामयाबी हासिल कर ली।

30 लाख का इनाम, NIA को भी थी तलाश

बृजेश गंझू झारखंड के चतरा जिले का रहने वाला था और TPC में कमांडर की भूमिका में बताया जाता था। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज होने और NIA से जुड़े मामलों में वांछित होने की जानकारी सामने आई है।
उस पर घोषित इनाम को झारखंड सरकार और NIA ने मिलकर तय किया था। झारखंड सरकार ने उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी सूचना के लिए 25 लाख रुपये, जबकि NIA ने 5 लाख रुपये का इनाम रखा था। इस तरह उसके सिर पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम था।

पढ़ें :- पाकिस्तानी के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा मोहम्मद जफर UP ATS के हत्थे चढ़ा, पाकिस्तान भेजता था रकम

मुठभेड़ के दौरान पुलिस की ओर से बताया गया कि बृजेश की फायरिंग से एटीएस के डीएसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं। दोनों सुरक्षित रहे। घटना के बाद पुलिस अब फरार साथी की तलाश के साथ वाराणसी में बृजेश की मौजूदगी और उसके संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...