2027 से पहले बीजेपी ने यूपी में संगठन का पहिया तेज कर दिया है। 98 जिलों में नए प्रभारी लगाए गए हैं और रायबरेली जैसे अहम जिले की कमान मिली है राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह को।
Raebareli: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने संगठन के स्तर पर बड़ा दांव चला है और इस दांव के केंद्र में है रायबरेली! बीजेपी ने प्रदेश के 98 सांगठनिक जिलों और महानगरों के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति की है। 19 सितंबर को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची में कई बड़े नेताओं को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है रायबरेली की क्योंकि यहां बीजेपी ने प्रदेश उपाध्यक्ष और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे डॉ. नीरज सिंह को जिला प्रभारी बनाया है।
दरअसल, रायबरेली कांग्रेस के लिए बेहद अहम राजनीतिक क्षेत्र है और मौजूदा समय में कांग्रेस नेता राहुल गांधी यहां से लोकसभा सांसद हैं। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के संगठनात्मक फेरबदल में नीरज सिंह को रायबरेली की जिम्मेदारी मिलना चर्चा का विषय बन गया है। नीरज सिंह अब रायबरेली में बीजेपी के संगठन से जुड़े कामकाज, स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाएंगे।
यानी एक तरफ बीजेपी ने पूरे उत्तर प्रदेश में संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने के लिए 98 जिला प्रभारियों की नियुक्ति की है तो दूसरी तरफ रायबरेली जैसे चर्चित जिले की जिम्मेदारी पार्टी ने अपने प्रदेश उपाध्यक्ष और राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह को दी है। और यहां एक और बात समझना जरूरी है जिला प्रभारी की जिम्मेदारी सीधे तौर पर किसी विधानसभा सीट का टिकट तय करने की जिम्मेदारी नहीं होती। उम्मीदवारों का चयन पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत होता है।
रायबरेली का जिला प्रभारी बनाए जाने के बाद डॉ. नीरज सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह को धन्यवाद दिया। नीरज सिंह ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।
भारतीय जनता पार्टी शीर्ष नेतृत्व द्वारा मुझे रायबरेली जिले का प्रभारी दायित्व प्रदान किए जाने पर मैं शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूँ।
माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी, माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी, उत्तरप्रदेश भाजपा प्रभारी माननीय @TawdeVinod जी,उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी, प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री @mppchaudhary जी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री माननीय @idharampalsingh जी भाईसाहब का आभार ।
संगठन ने मुझ पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए मैं कृतज्ञ हूँ। रायबरेली जिले में संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करूंगा।
सभी नवनियुक्त जिला प्रभारियों को हार्दिक शुभकामनायें व बधाई।
संगठन सर्वोपरि — राष्ट्र प्रथम।
पढ़ें :- नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस कैंडिडेट मिलन प्रधान तीन अक्टूबर तक भेजे गए जेल, अब वे नहीं कर पाएंगे चुनाव प्रचार
— 𝐍𝐞𝐞𝐫𝐚𝐣 𝐒𝐢𝐧𝐠𝐡 (@NeerajSinghSays) September 19, 2026
खास बात ये भी है कि रायबरेली में बीजेपी की स्थानीय राजनीति पहले से ही काफी दिलचस्प है। यहां बीजेपी की विधायक अदिति सिंह भी एक प्रमुख स्थानीय चेहरा हैं। हाल ही में उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात भी हुई थी। ऐसे में अब नीरज सिंह की जिम्मेदारी के बाद रायबरेली में बीजेपी के संगठन की गतिविधियों पर नजर और बढ़ गई है।