खेलकूद से बच्चों में अनुशासन और एकजुटता की भावना होती है : राकेश मद्धेशिया
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर स्वामी विवेकानंद जूनियर हाईस्कूल, नौतनवा में आयोजित खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को बुधवार को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नौतनवा ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया ने की।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के युवाओं का आकर्षण खेलों के प्रति कम और मोबाइल के प्रति बढ़ता जा रहा है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताओं का लगातार आयोजन होना चाहिए। खेल न केवल प्रतिभा को निखारते हैं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों के अंदर अनुशासन और एकजुटता की भावना पैदा करती हैं। खेलों से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास भी होता है। उन्होंने प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया।
इस दौरान सभासद अभय कुमार, प्रमोद पाठक, राजकुमार गौड़ सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 