मध्य प्रदेश के खंडवा में कलेक्टर की जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को उस वक्त लोगों का ध्यान एक युवक ने खींच लिया, जब वह कुत्ते की वेशभूषा में वहां पहुंचा। युवक ने कुत्ते की आवाज निकालकर भी दिखाई। इसके बाद वह नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा...
Viral-Video: मध्य प्रदेश के खंडवा में कलेक्टर की जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को उस वक्त लोगों का ध्यान एक युवक ने खींच लिया, जब वह कुत्ते की वेशभूषा में वहां पहुंचा। युवक ने कुत्ते की आवाज निकालकर भी दिखाई। इसके बाद वह नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा।
दरअसल खंडवा शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष का दावा है कि पिछले चार वर्षों में आवारा कुत्तों की नसबंदी के नाम पर करीब 40 लाख रुपये खर्च किए गए लेकिन इसके बावजूद सड़कों पर कुत्तों की संख्या कम नहीं हुई।
13 हजार से ज्यादा लोगों के डॉग बाइट का दावा
दीपक राठौर ने आरोप लगाया कि चार साल के दौरान करीब 13,225 लोग कुत्तों के काटने का शिकार हुए हैं। उनका कहना है कि इस स्थिति के कारण शहर में बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दूसरे लोगों के बीच डर का माहौल बना हुआ है। इसी मुद्दे को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए युवक को कुत्ते की पोशाक पहनाकर जनसुनवाई में लाया गया। राठौर ने आवारा कुत्तों की नसबंदी पर खर्च हुई रकम की वित्तीय और तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया, संबंधित कंपनी की पात्रता और दस्तावेजों की जांच के साथ नसबंदी किए गए कुत्तों की संख्या का भी सत्यापन कराने की मांग रखी।
टेंडर में गड़बड़ी मिली तो कार्रवाई की मांग
नगर निगम नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नसबंदी के नाम पर किए गए भुगतान और काम की गुणवत्ता की भी मौके पर जांच होनी चाहिए। अगर जांच में किसी अपात्र कंपनी को नियमों को दरकिनार कर काम दिए जाने की बात सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह धरने पर बैठेंगे। उनका कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों की समस्या को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित रखने के बजाय जमीन पर उसका असर दिखाई देना चाहिए।
खंडवा, मध्य प्रदेश
खंडवा में आवारा कुत्तों के आतंक के विरोध में अनोखा प्रदर्शन, कुत्ते को देखने उमड़ी अधिकारियो औऱ स्थानीय लोगों की भीड़
शहर में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक के विरोध में कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई में एक व्यक्ति को कुत्ते का कॉस्ट्यूम पहनकर पहुंचा pic.twitter.com/KWo2erTvC0
— Gaurav Kumar (@gaurav1307kumar) August 18, 2026
पढ़ें :- गोंडा: हिंदू छात्राओं ने बुर्का पहनकर 'लगाई दिही चोलिया के हुक' गाने में डांस किया, विवाद बढ़ा तो BSA ने जांच का आदेश दिया
अपर कलेक्टर ने दिया जांच का भरोसा
मामले पर अपर कलेक्टर काशीराम बडोले ने कहा कि शिकायत प्रशासन को मिली है और इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान अगर किसी की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कुत्ते की पोशाक में युवक के जनसुनवाई पहुंचने का मामला चर्चा में है। हालांकि अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रशासन की जांच में आवारा कुत्तों की नसबंदी पर खर्च हुई रकम और काम को लेकर लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या सामने आती है।
कुत्तों की नसबंदी में कथित भ्रष्टाचार और कुत्तों के काटने के बढ़ते मामलों की शिकायत लेकर खंडवा नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष कलेक्टर कार्यालय आए विरोध का तरीका अनूठा था pic.twitter.com/5jJ5Fwyx4f
— Anurag Dwary (@Anurag_Dwary) August 19, 2026