आज 29 जून दिन सोमवार की एक बड़ी खबर उत्तर-पश्चिम दिल्ली के केशवपुरम इलाके से सामने आ रही है। यहां तड़के एक चार मंजिला आवासीय इमारत में उस वक्त अचानक भीषण आग लग गई जिस वक्त इमारत में कई लोग मौजूद थे। इसकी सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीम मौके पर पहुंची..
नई दिल्ली। आज 29 जून दिन सोमवार की एक बड़ी खबर उत्तर-पश्चिम दिल्ली के केशवपुरम इलाके से सामने आ रही है। यहां तड़के एक चार मंजिला आवासीय इमारत में उस वक्त अचानक भीषण आग लग गई जिस वक्त इमारत में कई लोग मौजूद थे। इसकी सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए छत पर फंसे तीन नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया है। हांलाकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
शॉर्ट सर्किट बना हादसे की वजह
दिल्ली अग्निशमन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह हादसा लॉरेंस रोड स्थित लाल शाही मंदिर के पास एक बिल्डिंग में हुआ। इस इमारत के नियंत्रण कक्ष को तड़के करीब 2:03 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि बिजली के मीटरों में शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह आग भड़की थी। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत में धुआं फैल गया।
सूझबूझ से बची तीन जिंदगियां
यह आग ग्राउंड फ्लोर पर लगने के कारण इमारत का निकास मार्ग पूरी तरह बंद हो गया था। अपनी जान बचाने के लिए लोग छत की ओर भागे। दमकल कर्मियों ने बिना वक्त गंवाए दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बचाए गए लोगों की पहचान 28 वर्षीय गौरव, 25 वर्षीय कायरा, और 55 वर्षीय इन्दु बत्रा के रूप में हुई है।
24 इलेक्ट्रिक मीटर जलकर राख
इस अग्निकांड में 24 इलेक्ट्रिक मीटर पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं जो ग्राउंड फ्लोर पर लगे थे। आग पर काबू पाने के लिए विभाग ने तुरंत 2 फायर टेंडर, 2 वॉटर बाउजर और 1 क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल को काम पर लगाया। दमकल कर्मियों की मदद से सुबह करीब 2:30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और कूलिंग का काम पूरा कर दिया गया है।