काला हिरण शिकार केस को लेकर लॉरेंस बिश्नोई का सलमान खान के साथ लगातार विवाद चल रहा है. इस बीच अब बिश्नोई गैंग की ओर से पहली बार आमिर खान को धमकी दी गई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित पोस्ट और ऑडियो क्लिप में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले दो लोगों..
मुंबई। काला हिरण शिकार केस को लेकर लॉरेंस बिश्नोई का सलमान खान के साथ लगातार विवाद चल रहा है. इस बीच अब बिश्नोई गैंग की ओर से पहली बार आमिर खान को धमकी दी गई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित पोस्ट और ऑडियो क्लिप में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले दो लोगों ने अभिनेता को जान से मारने की धमकी दी है।
अभी हाल ही में बॉलीवुड एक्टर आमिर खान ने गौरी स्प्रैट से तीसरी शादी रचाई है। इसी बीच खबर सामने आई है कि लारेंस बिश्नोई गैंग की ओर से उनको जान से मारने की धमकी दी गई है। खुद को लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से जुड़ा हुआ बताने वाले आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई द्वारा सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और ऑडियो क्लिप शेयर किया गया है। जिसमें कहा गया है कि आमिर खान जैसे लोग हमारे देश में ‘लव जिहाद’ को बढ़ावा दे रहे हैं जो हमारी संस्कृति के खिलाफ है. हम इस आदमी को बर्दाश्त नहीं करेंगे,और जल्द ही उसे इसके नतीजे भुगतने होंगे।
पोस्ट में लिखा गया है कि हम अपने भाइयों, बहनों और देशवासियों से वादा करते हैं कि जो कोई भी ऐसी शर्मनाक हरकत को बढ़ावा देगा, उससे हम अपने तरीके से निपटेंगे. जो लोग स्टारडम के नाम पर इसे बढ़ावा दे रहे हैं, उनकी सांसें दबा देंगे.यह सनातन धर्म और देश के खिलाफ है। कथित धमकी भरे संदेश में आमिर खान के अलावा राजस्थान के श्रीगंगानगर गैंगरेप मामले का भी जिक्र किया गया है।
पोस्ट में दावा किया गया कि मासूम बच्ची के साथ हुई घटना के आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही कुछ राजनीतिक नेताओं पर आरोपियों को बचाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए उन्हें भी चेतावनी दी गई। संदेश में कहा गया कि यदि कोई भी आरोपी कानून से बचता है तो उसे वे अपने तरीके से सजा देंगे। इसके अलावा प्रवेश और हिमांशु को ‘शहीद’ बताते हुए उनकी कुर्बानी का बदला लेने की बात भी लिखी गई। इन दावों की सत्यता की जांच पुलिस कर रही है।
सूत्रों के अनुसार मुंबई पुलिस को इस कथित धमकी की जानकारी फेसबुक और वॉइस नोट के जरिए मिल चुकी है और तकनीकी स्तर पर इसकी जांच की जा रही है। हालांकि अभी तक आमिर खान या उनकी टीम की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हाल के दिनों में आमिर खान की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही है। इसी बीच यह कथित धमकी सामने आने से मामला सुर्खियों में आ गया है। वहीं लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम पहले भी कई हाई-प्रोफाइल धमकी मामलों में सामने आ चुका है जिनमें अभिनेता सलमान खान से जुड़े मामले भी शामिल रहे हैं।
रिपोर्ट: कल्पना पाण्डे