अजित पवार की विमान दुर्घटना की जांच को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अमित शाह से जांच में तेजी लाने की अपील की है। इससे पहले रोहित पवार ने मामले की सीबीआई जांच और पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखने की मांग की थी।
Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के दिवंगत नेता अजित पवार की विमान दुर्घटना का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हादसे के करीब 10 महीने बाद भी जांच को लेकर राजनीतिक हलचल जारी है। 28 जनवरी 2026 को पुणे जिले के बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ही दुर्घटना के कारणों और जांच की प्रगति को लेकर सवाल उठते रहे हैं। अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले की जांच में तेजी लाने के लिए जरूरी निर्देश देने की मांग की है जिसके बाद यह मामला फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।
इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने भी इस मामले में केंद्र सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग की थी। 15 नवंबर को उन्होंने अमित शाह से अजित पवार की मौत के मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखने की मांग भी उठाई। रोहित पवार का कहना है कि महाराष्ट्र के विकास में अजित पवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने लंबे समय तक पुणे जिले के पालक मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई थी।
इस बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों के बीच विलय की संभावनाओं पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा है कि अजित पवार के निधन के बाद दोनों दलों के विलय को लेकर बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस संबंध में दूसरे गुट की ओर से उन्हें कोई नया संदेश नहीं मिला है। सुप्रिया सुले ने अपनी पार्टी के बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल होने की अटकलों को भी खारिज किया है।
फिलहाल अजित पवार विमान हादसे की जांच, सीबीआई जांच की मांग और एनसीपी के दोनों गुटों के भविष्य को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चाएं तेज हैं। अब देखना होगा कि केंद्र सरकार इस मामले में जांच को लेकर क्या कदम उठाती है।