1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रामराज लाने वाले, रामधन भी नहीं छोड़े: अखिलेश यादव

रामराज लाने वाले, रामधन भी नहीं छोड़े: अखिलेश यादव

  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी की केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग रामराज की बात करते थे, लेकिन उन्होंने राम धन तक को नहीं छोड़ा। अखिलेश ने धार्मिक स्थलों से चोरी के मामलों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि अपनी नाकामी और बदनामी छिपाने के लिए छोटे कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है...

By Harsh 
Updated Date

लखनऊ, पर्दाफाश।  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी की केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग रामराज की बात करते थे, लेकिन उन्होंने राम धन तक को नहीं छोड़ा। अखिलेश ने धार्मिक स्थलों से चोरी के मामलों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि अपनी नाकामी और बदनामी छिपाने के लिए छोटे कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि मंदिर के बाहर बैठने वाला गरीब व्यक्ति भी चोरी नहीं करता बल्कि मदद मिलने का इंतजार करता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में जो तस्वीरें सामने आई हैं वे कई सवाल खड़े करती हैं।

पढ़ें :- बंकिम चंद के वंशज बोले- सोनिया तो बा​हर से आईं है, पर खरगे तो यही के है...

E-20 पेट्रोल पर भी उठाए सवाल

सपा प्रमुख ने E-20 पेट्रोल को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने पेट्रोल में मिलावट का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे वाहनों की माइलेज और प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है। अखिलेश ने कहा कि अगर पेट्रोल में मिलावट हो रही है तो सरकार को कंपनियों से इसका खुलासा करने के लिए कहना चाहिए। उन्होंने इसे जनता के साथ धोखा बताया।

PDA और जातिगत जनगणना का जिक्र

अखिलेश ने अपने PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक फॉर्मूले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में बुंदेलखंड में लोधी समाज और अन्य साथियों ने सपा पर भरोसा जताया जिससे पार्टी को वहां बड़ी जीत मिली। उन्होंने कहा कि जब तक सभी वर्ग PDA की छतरी के नीचे नहीं आएंगे तब तक सामाजिक न्याय की लड़ाई पूरी नहीं होगी। जातिगत जनगणना की मांग करते हुए अखिलेश ने कहा कि आबादी के हिसाब से लोगों को अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने संविधान और आरक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय के लिए जाति जनगणना जरूरी है।

पढ़ें :- यूपी में सपा की सरकार बनी तो 16 अगस्त को भी होगी सरकारी छुट्टी, अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान

हथेली गरम, पुलिस नरम: अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि उनकी सरकार के समय यूपी-100 जैसी व्यवस्था शुरू की गई थी ताकि पुलिस लोगों तक तुरंत पहुंच सके। उन्होंने आरोप लगाया कि अब थाने और तहसील में आम लोगों की समस्याओं से ज्यादा पैसे को महत्व दिया जा रहा है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में हथेली गरम, पुलिस नरम वाला कानून चल रहा है।

तिरंगा यात्रा और रोजगार पर घेरा

अखिलेश ने बीजेपी की तिरंगा यात्रा और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोग स्वतंत्रता दिवस मनाते हैं, जबकि बीजेपी बार-बार बंटवारे की बात करती है। उन्होंने बीजेपी पर भाईचारा बढ़ाने के बजाय समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया।

रोजगार के मुद्दे पर अखिलेश ने सरकारी नौकरियों में कमी और आउटसोर्सिंग को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने सरकारी स्कूलों का जिक्र करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में स्कूल बंद होने से रोजगार के अवसर भी प्रभावित हुए हैं। अखिलेश ने लोगों से सपा को समर्थन देने की अपील करते हुए सामाजिक न्याय और आरक्षण को मजबूत करने का दावा किया।

पढ़ें :- अखिलेश यादव, बोले- परिसीमन से ज्यादा देश की सीमाओं की सुरक्षा जरूरी, BJP बताए 2014 में देश का क्षेत्रफल कितना था और अब कितना है?

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...