बॉलीवुड की सुपरहिट पारिवारिक फिल्म 'विवाह' (Vivah) आज भी लोगों के दिलों में रसी-बसी है। शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) और अमृता राव (Amrita Rao) स्टारर इस फिल्म की सादगी और इसके खूबसूरत गानों को दर्शक आज भी देखना पसंद करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस फिल्म के कुछ सबसे यादगार और खूबसूरत दृश्यों की शूटिंग देवभूमि उत्तराखंड के एक बेहद पवित्र और अनोखे मंदिर में हुई थी?
मुंबई। बॉलीवुड की सुपरहिट पारिवारिक फिल्म ‘विवाह’ (Vivah) आज भी लोगों के दिलों में रसी-बसी है। शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) और अमृता राव (Amrita Rao) स्टारर इस फिल्म की सादगी और इसके खूबसूरत गानों को दर्शक आज भी देखना पसंद करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस फिल्म के कुछ सबसे यादगार और खूबसूरत दृश्यों की शूटिंग देवभूमि उत्तराखंड (Devbhoomi Uttarakhand) के एक बेहद पवित्र और अनोखे मंदिर में हुई थी?
जी हां, फिल्म में दिखाई दिया हजारों घंटियों वाला प्रसिद्ध मंदिर कोई स्टूडियो का नकली सेट नहीं, बल्कि उत्तराखंड के नैनीताल जिले के पास स्थित घोड़ाखाल गोलू देवता मंदिर (Ghorakhal Golu Devta Temple) है।
कौन से सीन्स हुए थे यहां शूट?
फिल्म ‘विवाह’ में जब हीरो और हीरोइन का परिवार एक साथ पहाड़ी इलाके में घूमते हुए मंदिर दर्शन के लिए जाता है, वह दृश्य इसी घोड़ाखाल मंदिर (Ghorakhal Temple) परिसर में फिल्माया गया था। फिल्म के सुपरहिट गाने “मुझे हक है” के दौरान बैकग्राउंड में टंगी अनगिनत पीतल की घंटियाँ और मंदिर का रास्ता साफ दिखाई देता है। एक सीन में शाहिद कपूर का सिर भी मंदिर में लटकी एक घंटी से टकराता है, जो इसी मंदिर की लोकेशन का हिस्सा था।
क्या है इस मंदिर की खासियत?
कुमाऊं क्षेत्र में गोलू देवता को ‘न्याय का देवता’ माना जाता है। मान्यता है कि जब किसी व्यक्ति को कहीं से न्याय नहीं मिलता, तो वह यहाँ आकर गोलू देवता के दरबार में कागज़ पर अपनी अर्जी लिखकर टांग देता है। जब भक्त की मन्नत पूरी हो जाती है और उसे न्याय मिल जाता है, तो वह भगवान का आभार व्यक्त करने के लिए मंदिर में आकर पीतल की घंटी बांधता है। इसी वजह से पूरे मंदिर परिसर में छोटी-बड़ी हजारों घंटियाँ बंधी हुई हैं।
चितई और घोड़ाखाल में अंतर
अक्सर लोग अल्मोड़ा के प्रसिद्ध ‘चितई गोलू देवता मंदिर’ और नैनीताल के ‘घोड़ाखाल गोलू देवता मंदिर’ के बीच भ्रमित हो जाते हैं। हालाँकि दोनों ही मंदिर गोलू देवता एक हैं और दोनों जगह घंटियों तथा अर्जियों की परंपरा एक जैसी है, लेकिन ‘विवाह’ फिल्म की असल शूटिंग घोड़ाखाल (नैनीताल) वाले मंदिर में हुई थी।
पर्यटकों के लिए बना खास आकर्षण
फिल्म रिलीज होने के बाद से ही इस मंदिर की लोकप्रियता देश-विदेश में और भी ज्यादा बढ़ गई। आज नैनीताल आने वाले लाखों श्रद्धालु और पर्यटक केवल गोलू देवता का आशीर्वाद लेने ही नहीं, बल्कि फिल्म ‘विवाह’ की उस शूटिंग लोकेशन को करीब से देखने और महसूस करने भी घोड़ाखाल पहुंचते हैं।
रिपोर्ट: दीपांजली मिश्रा