1. हिन्दी समाचार
  2. ख़बरें जरा हटके
  3. दीवार में ड्रिल करते ही बरसने लगे सोने के सिक्के, मजदूरों को मिला करीब 100 करोड़ का खजाना

दीवार में ड्रिल करते ही बरसने लगे सोने के सिक्के, मजदूरों को मिला करीब 100 करोड़ का खजाना

बेल्जियम में एक पुराने घर की मरम्मत के दौरान मजदूरों को ऐसा खजाना मिला, जिसे देखकर उनकी आंखों पर यकीन करना मुश्किल हो गया। सीवेज पाइप बिछाने के लिए दीवार में ड्रिलिंग करते वक्त अंदर से सोने की छड़ें और सिक्के निकलने लगे। खजाने की अनुमानित कीमत करीब 9 मिलियन यूरो यानी लगभग 100 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

By Kalpna Pandey 
Updated Date

Gold Treasure Found: बेल्जियम के पूर्वी फ्लैंडर्स इलाके में एक पुराने मकान की मरम्मत का काम चल रहा था। मजदूरों को घर की नींव और दीवारों के भीतर से सीवेज पाइप निकालने का काम सौंपा गया था। इसी दौरान ड्रिलिंग करते समय उन्हें दीवार के अंदर कुछ चमकता हुआ दिखाई दिया। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद वहां सामान्य धातु या सिक्के दबे हैं, लेकिन कुछ ही देर में सामने आया कि वह सोना था।

पढ़ें :- इंग्लैंड में अमेरिकी एयरबेस को बम से उड़ाने की थी साजिश? ब्रिटिश पुलिस ने पांच संदिग्धों को किया गिरफ्तार

इस खोज में 18 वर्षीय कोबे नाम का छात्र भी शामिल था, जो गर्मियों की छुट्टियों में समर जॉब कर रहा था। उसने बताया कि शुरुआत में उसे लगा कि ये आम सिक्के हैं, लेकिन जब सोने की एक छड़ दिखाई दी तो सभी को अंदाजा हो गया कि मामला बेहद बड़ा है। देखते ही देखते मजदूरों को बड़ी संख्या में सोने के सिक्के और छड़ें मिलने लगी।

मौके पर मौजूद साइट मैनेजर के मुताबिक, वहां इतनी ज्यादा मात्रा में सोना था कि उसे अपने पास रखना भी संभव नहीं था। मजदूरों ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी और पूरा खजाना अधिकारियों को सौंप दिया।

पांच साल तक मालिक कर सकता है दावा

पढ़ें :- कोडरमा में नाबालिग लड़की और दो लड़कों के साथ कथित अपमानजनक व्यवहार, पुलिस जांच में जुटी

जिस संपत्ति से यह खजाना मिला है, वह CAW Oost-Vlaanderen नाम की संस्था से जुड़ी बताई गई है। संस्था के अधिकारियों ने भी इस खोज पर हैरानी जताई है। हालांकि फिलहाल सोने पर न मजदूरों का अधिकार है और न ही संपत्ति के मौजूदा मालिक का।

बेल्जियम के कानून के अनुसार, असली मालिक को खजाने पर दावा करने के लिए पांच साल का समय दिया गया है। हालांकि इस मामले में जांच कर रहे स्थानीय सरकारी वकील ने कहा कि अभी यह पता नहीं है कि मालिक कौन है और यदि इस अवधि में कोई दावेदार सामने नहीं आता तथा खजाने का किसी अपराध से संबंध भी साबित नहीं होता, तो कानून के तहत इसे खोजने वाले व्यक्ति और संपत्ति के मालिक के बीच बांटे जाने की संभावना है।

पुलिस ने लोगों को दी चेतावनी

खजाना मिलने की खबर सामने आते ही इलाके में लोगों की उत्सुकता बढ़ गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्माण स्थल पर खुद सोने की तलाश करने के लिए न पहुंचें। अधिकारियों के मुताबिक, पूरे स्थान की जांच की जा चुकी है और बरामद सोना सुरक्षित जगह पर पहुंचा दिया गया है।

पढ़ें :- पर्यावरण और जलवायु पर वैश्विक मंथन, PM मोदी ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का किया शुभारंभ

फिलहाल सबसे बड़ा रहस्य यही है कि करीब 100 करोड़ रुपये का यह सोना आखिर इस दीवार के अंदर किसने और कब छिपाया था। मालिक की पहचान सामने आने तक यह खजाना जांच और कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा बना रहेगा।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...