HBE Ads
  1. हिन्दी समाचार
  2. दुनिया
  3. America : अमेरिका में भारतीय मूल के व्यक्ति की गोली लगने से मौत , पुलिस कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

America : अमेरिका में भारतीय मूल के व्यक्ति की गोली लगने से मौत , पुलिस कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

अमेरिका के सैन एंटोनियो में भारतीय मूल के आरोपी की पुलिस कार्रवाई के दौरान गोली लगने से मौत हो गई। खबरों के अनुसार पुलिस अधिकारी सचिन साहू (42) को पकड़ने की कोशिश कर रहे थे।

By अनूप कुमार 
Updated Date

America : अमेरिका के सैन एंटोनियो में भारतीय मूल के आरोपी की पुलिस कार्रवाई के दौरान गोली लगने से मौत हो गई। खबरों के अनुसार पुलिस अधिकारी सचिन साहू (42) को पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उसने अपने वाहन से दो अधिकारियों को टक्कर मार दी जिसके बाद पुलिस अधिकारी टायलर टर्नर ने उस पर गोली चला दी। साहू मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। सूत्रों ने बताया कि वह संभवत: अमेरिकी नागरिक था।

पढ़ें :- Sunita Williams : सुनीता विलियम्स तीसरी बार अंतरिक्ष में जाएंगी , बोलीं - यह घर वापसी जैसा होगा

सैन एंटोनियो पुलिस विभाग ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गंभीर हमले की सूचना मिलने के बाद 21 अप्रैल को शाम साढ़े छह बजे से ठीक पहले अधिकारियों को सैन एंटियागो के ‘चेविओट हाइट्स’ भेजा गया। वहां पहुंचने पर अधिकारियों को पता चला कि 51 वर्षीय महिला को एक वाहन से जानबूझकर टक्कर मारी गई है। विभाग के अनुसार, संदिग्ध साहू घटनास्थल से फरार हो गया था। पीड़ित महिला को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है। इसके बाद सैन एंटोनियो पुलिस ने साहू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया।

पुलिस ने बताया कि कई घंटों बाद आरोपी के पड़ोसियों ने सूचना दी कि साहू लौट आया है जिसके बाद अधिकारी उसके घर पहुंचे। तभी साहू ने अपने वाहन से दो अधिकारियों को टक्कर मार दी। इसी दौरान एक अधिकारी ने अपने हथियार से साहू की ओर गोली चला दी। साहू को ‘‘मौके पर ही मृत घोषित’’ कर दिया गया।

खबरों के अनुसार, साहू की पूर्व पत्नी लिआ गोल्डस्टीन के हवाले से बताया गया कि साहू को ‘बाइपोलर डिसऑर्डर’ था।

गोल्डस्टीन ने कहा, ‘‘वह पिछले 10 साल से इस बीमारी से पीड़ित थे। उनमें ‘सिजोफ्रेनिया’ के लक्षण भी थे।’’ ‘बाइपोलर डिसऑर्डर’ एक ऐसा मानसिक रोग है जिससे पीड़ित व्यक्ति कभी खुशी व ऊर्जा से भरपूर महसूस करता है तो कभी अत्यधिक अवसाद में रहता है। ‘सिजोफ्रेनिया’ भी एक मानसिक बीमारी है जिसमें मरीज भ्रम की स्थिति में रहता है। उन्होंने कहा, ‘‘वह समझ नहीं पा रहे थे कि उनके साथ क्या परेशानी है। उन्हें आवाजे सुनाई देती थीं और वह भ्रम में रहते थे।’’ गोल्डस्टीन ने साहू को एक ‘‘अच्छा’’ पिता बताया।

पढ़ें :- America : अमेरिका के पूर्वी टेक्सास में बाढ़ का कहर जारी , ह्यूस्टन के आसपास इलाकों से 600 लोगों को बचाया

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...