अमृतसर में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के द्वारा संचालित एक संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल का भांड़ाफोड़ हुआ है। अमृतसर पुलिस ने मौके से चार नाबालिगों सहित नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपित विदेश मे बैठे आएसआई हैंडलरों के संपर्क में थे..
अमृतसर में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के द्वारा संचालित एक संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल का भांड़ाफोड़ हुआ है। अमृतसर पुलिस ने मौके से चार नाबालिगों सहित नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपित विदेश मे बैठे आएसआई हैंडलरों के संपर्क में थे। उन्हें सार्वजनिक स्थान और सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी करने, अवैध हथियार जुटाने तथा पंजाब में शांति एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने जैसे कार्य करने के निर्देश दिए जा रहे थे।
पुलिस ने मौके से तीन अवैध पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पेट्रोल भरी चार बोतलें बरामद की। पुलिस ने बताया कि युवकों को आतंकी गतिविधियों या हमलों के लिए तैयार किया जा रहा था। पेट्रोल का प्रयोग पेट्रोल बम के लिए किया जाना था। जांच में हैरान करने वाली बात यह आई कि आरोपितों ने रेलवे ट्रैक की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए थे। जांच में सामने आया कि इन कैमरों का इस्तेमाल संवेदनशील इलाकों और सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए किया जा रहा था। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके संभावित विदेशी संपर्कों की भी गहन पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ और जुटाए जा रहे सबूतों के आधार पर आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को भी इसकी पूरी जानकारी दे दी गई है और जांच विभिन्न स्तरों पर जारी है।