लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री ने लैंडिंग के दौरान विमान का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की। हालात को देखते हुए पायलट को विमान को दोबारा हवा में ले जाना पड़ा और करीब आधे घंटे बाद...
वाराणसी, पर्दाफाश। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री ने लैंडिंग के दौरान विमान का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की। हालात को देखते हुए पायलट को विमान को दोबारा हवा में ले जाना पड़ा और करीब आधे घंटे बाद सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। जानकारी के मुताबिक, मऊ निवासी अदनान इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-185 से बेंगलुरु से वाराणसी पहुंच रहा था। जैसे ही विमान रनवे पर उतरने वाला था, उसने अचानक इमरजेंसी दरवाजा खोलने की कोशिश की।
क्रू मेंबर्स ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए पायलट को सूचना दी, जिसके बाद पायलट ने एहतियातन विमान को फिर से हवा में ले लिया। करीब 30 मिनट बाद रात 10:35 बजे विमान की दोबारा सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान भी उसने पहले ऐसी हरकत की थी, लेकिन तब क्रू ने उसे समझाकर शांत करा दिया था।
लैंडिंग के बाद आरोपी को सीआईएसएफ के हवाले किया गया, जहां से उसे पुलिस को सौंप दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही खुफिया एजेंसियां भी एयरपोर्ट पहुंच गईं और उससे पूछताछ शुरू की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अजीब दावा करते हुए कहा कि उस पर “भूत-प्रेत का साया” है और उसी के कारण उसने यह हरकत की। इस बयान से पुलिस भी हैरान रह गई। फूलपुर थाना प्रभारी अतुल सिंह के अनुसार, यात्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।