‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ गोष्ठी में कांग्रेस ने उठाए मतदाता पुनरीक्षण पर सवाल
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर चल रहे ‘संविधान बचाओ सप्ताह’ के तहत शनिवार को नगर पालिका परिषद के नेहरू नगर वार्ड स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि पुनरीक्षण के माध्यम से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं और इनमें पिछड़े, दलित एवं अल्पसंख्यक समुदाय के लोग बड़ी संख्या में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर राहुल गांधी के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्तर पर आवाज उठा रही है।
पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी और जिला उपाध्यक्ष डॉ. रामनारायण चौरसिया ने कहा कि कांग्रेस का यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती। वक्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी उठाई।
गोष्ठी का संचालन जिला कोषाध्यक्ष कपिल देव शुक्ल ने किया। वहीं पिपरदेवरा की हरिजन बस्ती में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व अध्यक्ष प्रतिनिधि चंद्रजीत भारती ने दलित समाज को कांग्रेस से जोड़ने की पहल की। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी की नीतियों के प्रति समर्थन व्यक्त किया।
कार्यक्रम को नूर आलम, रामनारायण प्रसाद, पूर्णमासी यादव, अफजल अब्बासी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष शुभम शुक्ला, सोशल मीडिया प्रभारी फिरोज अली, रवि यादव, जमील और अंबरीश शाही ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बुद्ध और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर हुई। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ गोष्ठी का शुभारंभ किया गया। इस दौरान विराज वीर अभिमन्यु, उदय प्रताप सिंह, जमील अहमद, अमिला पांडे, संदीप तिवारी, श्रीराम प्रसाद यादव, रवि यादव, शाहिद समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 