आंध्र प्रदेश के तिरुपति में शुक्रवार को एक फार्मा कंपनी में बड़ा हादसा हो गया। श्री सिटी स्थित कंपनी में बॉयलर फटने के बाद जोरदार धमाका हुआ। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं...
डिजिटल, पर्दाफाश। आंध्र प्रदेश के तिरुपति में शुक्रवार को एक फार्मा कंपनी में बड़ा हादसा हो गया। श्री सिटी स्थित कंपनी में बॉयलर फटने के बाद जोरदार धमाका हुआ। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
धमाका इतना तेज था कि कंपनी की इमारत का एक हिस्सा मलबे में बदल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे में घायल हुए 10 लोगों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों का उपचार जारी है। राहत टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मलबे और प्रभावित हिस्से में बचाव अभियान चलाया।
घटना सत्यवेडु मंडल की है। बॉयलर में धमाका किन परिस्थितियों में हुआ, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
धमाके की वजह तलाश रही पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की ओर से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बॉयलर फटने की वजह क्या थी और हादसा किस परिस्थिति में हुआ। फिलहाल घटनास्थल पर राहत और जांच का काम जारी है। पुलिस और आपातकालीन टीमें हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटा रही हैं।