दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में स्थित फ्लोरिश स्टेज़ बेड एंड ब्रेकफास्ट होटल में लगी आग के मामले में पुलिस की जांच तेजी से चल रही है। हाल ही में होटल के अकाउंटेंट जय मिश्रा ने पुलिस पूछताछ में कई हैरान करने वाले खुलासे किए हैं। हांलाकि इस हादसे में 21 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जय मिश्रा ने होटल मालिक लवकेश बजाज की मिलीभगत और होटल के अवैध संचालन को लेकर कई बड़े राज खोलें हैं।
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में स्थित फ्लोरिश स्टेज़ बेड एंड ब्रेकफास्ट होटल में लगी आग के मामले में पुलिस की जांच तेजी से चल रही है। हाल ही में होटल के अकाउंटेंट जय मिश्रा ने पुलिस पूछताछ में कई हैरान करने वाले खुलासे किए हैं। हांलाकि इस हादसे में 21 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जय मिश्रा ने होटल मालिक लवकेश बजाज की मिलीभगत और होटल के अवैध संचालन को लेकर कई बड़े राज खोलें हैं। इस पूछताछ में जय मिश्रा ने कबूल किया है कि होटल मालिक लवकेश बजाज के कहने पर बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) लाइसेंस लेने के लिए उसने अपने व्यक्तिगत दस्तावेजों (Personal documents) का इस्तेमाल किया था। इसके अलावा कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए लाइसेंसिंग की पूरी आवेदन प्रक्रिया को लवकेश बजाज ने खुद संभाला था।
जांच में यह बात सामने आई है कि दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग से केवल छह कमरों के लिए B&B लाइसेंस लिया गया था। लेकिन नियमों का उलंघन करते हुए इमारत में अवैध रूप से 25 से 28 कमरे बनाकर पूरा होटल चलाया जा रहा था। होटल में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। इमारत के पास फायर डिपार्टमेंट का कोई नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (No Objection Certificate) नहीं था। आग लगने के समय न तो कोई स्मोक डिटेक्टर चला और न ही ऑटोमेटेड अलार्म बजा। सिर्फ इतना ही नहीं, आपातकालीन निकास और छत का दरवाजा भी बंद था।
जय मिश्रा के मुताबिक, होटल के सभी दस्तावेजी रिकॉर्ड आग में पूरी तरह जलकर खाक हो चुके हैं। पुलिस अब इस दावे की फॉरेंसिक जांच कर रही है। इसके अलावा जय मिश्रा ने बताया कि 3 जून को आग लगने के समय वह सुबह करीब 9:30 बजे होटल पहुंच गया था। लेकिन दमकलकर्मियों को देखते ही वह गिरफ्तारी के डर से वहां से भाग निकला। उसका कहना है कि इस दौरान वह लगातार दिल्ली मेट्रो और बसों में सफर कर अपनी लोकेशन बदलता रहा और खबरों पर नजर बनाए रहा, जिसके बाद उसने कोर्ट में सरेंडर किया।
वहीं हादसे के वक्त होटल मालिक लवकेश बजाज भी वहीं मौजूद था लेकिन मदद करने के बजाय फरार हो गया था, जिसे पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अब इस बात की छानबीन कर रही है कि क्या इस अवैध संचालन में प्रशासनिक अधिकारियों की भी मिलीभगत थी? आपको बता दें कि इस मामले में होटल के कुक केशव नेगी को भी हिरासत में लिया गया है, जिसकी लापरवाही से रसोई में आग भड़कने की बात सामने आई है।