कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गोवा में एक जनसभा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में बीजेपी और आरएसएस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी, जबकि बीजेपी के लोग अब कांग्रेस की देशभक्ति पर सवाल उठाते हैं...
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गोवा में एक जनसभा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में बीजेपी और आरएसएस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी, जबकि बीजेपी के लोग अब कांग्रेस की देशभक्ति पर सवाल उठाते हैं।
बोले- आजादी की लड़ाई में आपका योगदान क्या था?
खरगे ने कहा कि जब वह विधायक बने थे, उस समय अमित शाह पैदा भी नहीं हुए थे। उन्होंने शाह की उम्र का जिक्र करते हुए कहा कि आज कांग्रेस और गांधी परिवार से देशभक्ति का प्रमाण मांगा जाता है, लेकिन बीजेपी को बताना चाहिए कि स्वतंत्रता संग्राम में उसका क्या योगदान रहा। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी सत्ता के लिए विधायकों को अपने पाले में लेकर सरकारें बनाती है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें प्रतिनिधि चुना है और वह आगे भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे।
‘शुद्धीकरण’ को लेकर बीजेपी पर निशाना
खरगे ने हल्द्वानी की एक घटना का जिक्र करते हुए बीजेपी और हिंदू संगठनों पर भी हमला बोला। उनके मुताबिक 8 अगस्त को उनकी रैली के बाद 10 अगस्त को श्री राम सेना ने उसी जगह गंगाजल का छिड़काव और हवन किया था। खरगे ने इसे दलितों के प्रति भेदभाव वाली सोच से जोड़ते हुए सवाल उठाया कि क्या किसी दलित नेता के भाषण के बाद किसी जगह को ‘शुद्ध’ करने की जरूरत पड़ती है। उन्होंने इस घटना को लेकर बीजेपी से जवाब मांगा।
गोवा के दलबदलू नेताओं पर भी बरसे
गोवा की बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए खरगे ने दावा किया कि राज्य के 12 मंत्रियों में से 10 ऐसे हैं, जो पहले कांग्रेस में थे और बाद में पार्टी बदलकर बीजेपी में चले गए। उन्होंने दलबदल करने वाले नेताओं को ‘गद्दार’ बताते हुए कहा कि इससे गोवा के राजनीतिक मूल्यों और आत्मसम्मान को नुकसान पहुंचा है। खरगे ने लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की और कहा कि ऐसे नेताओं को दोबारा मौका नहीं मिलना चाहिए।