एक तरफ कॉकरोज जनता पार्टी ने लगातार दूसरे दिन संसद मार्च करने का एलान कर दिया है, तो वहीं दूसरी ओर पंजाब के किसानों ने सरवन सिंह पंढेर के नेतृत्व में 'देश बचाओ मोर्चा' के तहत आंदोलन का आह्वान कर दिया है..
एक तरफ कॉकरोज जनता पार्टी ने लगातार दूसरे दिन संसद मार्च करने का एलान कर दिया है, तो वहीं दूसरी ओर पंजाब के किसानों ने सरवन सिंह पंढेर के नेतृत्व में ‘देश बचाओ मोर्चा’ के तहत आंदोलन का आह्वान कर दिया है। जिसको लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान दिल्ली कूच के लिए शंभू और खनौरी बॉर्डर पर जुड़ चुके है । प्रशासन ने स्थिति नियंत्रण करने का हवाला देते हुए इलाके में धारा 163 लागू कर शंभू बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
क्या कहना है किसानों का ?
ठीक दिल्ली कूच से पहले किसानों द्वारा किसान घाट पर लगभग चार घंटे तक रैली की गई। किसानों के नेतृत्वकर्ताओं का कहना है कि भारत—अमेरिका के मध्य लगातार चल रहे व्यापार सौदों में उनसे ना तो कोई राय ली गई, ना ही कोई चर्चा की गई जिससे आंशंका है, भारतीय बजारों में अमेरिका के सस्ते सोयाबीन, सूखे मेवे (ड्राय फ्रूट्स), डेयरी उत्पाद और अनाज पूरी तरह से कब्जा कर सकते है। जिसकी मार हमारे किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों को झेलनी पड़ेगी।
किसानों को रोकने के लिए अब तक प्रशासन द्वारा क्या-क्या किया गया
दिल्ली कूच की आशंका के बीच हरियाणा पुलिस ने शंभू और खनौरी बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। सीमा पर कंक्रीट के बड़े-बड़े स्लैब और भारी बैरिकेड लगाकर रास्ते बंद कर दिए गए हैं, जबकि दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस-वे पर भी भारी वाहन खड़े कर आवाजाही रोक दी गई है। बॉर्डर सील होने के चलते दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए ट्रैफिक अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। सीमा पर हरियाणा पुलिस और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। फिलहाल पंजाब की ओर से किसी को भी हरियाणा में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। खनौरी इलाके में कुछ किसान एक्सप्रेस-वे तक पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। किसान फिलहाल वहीं शांतिपूर्वक बैठे हैं और आगे की रणनीति के लिए किसान नेताओं के निर्देश का इंतजार कर रहे हैं।
शंभू बॉर्डर पर धारा 163 लागू, 27 जुलाई तक पांच से ज्यादा लोगों के जुटने पर रोक
किसानों के संभावित दिल्ली कूच को देखते हुए हरियाणा के अंबाला जिला प्रशासन ने शंभू बॉर्डर और आसपास के इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू कर दी है। यह आदेश 27 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने साफ किया है कि बॉर्डर क्षेत्र में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, रुकने या अनावश्यक आवाजाही पर रोक रहेगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तो वहीं, किसान संगठनों का कहना है कि अमेरिका-भारत ट्रेड डील से कृषि क्षेत्र प्रभावित हो सकता है इसलिए उन्होंने दिल्ली कूच का आह्वान किया है। वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी पहली प्राथमिकता है और इसी वजह से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। फिलहाल सीमा पर माहौल शांत है लेकिन पुलिस और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।