पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने भारत सरकार के गृह सचिव तथा दिल्ली पुलिस आयुक्त को एक प्रत्यावेदन भेजकर दिल्ली पुलिस के एक कार्यरत सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) से संबंधित बताए जा रहे एक ऑडियो की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
लखनऊ। पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने भारत सरकार के गृह सचिव तथा दिल्ली पुलिस आयुक्त को एक प्रत्यावेदन भेजकर दिल्ली पुलिस के एक कार्यरत सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) से संबंधित बताए जा रहे एक ऑडियो की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
यह प्रत्यावेदन उन्हें अधिवक्ता राहुल शर्मा द्वारा उपलब्ध कराई गई एक ऑडियो रिकॉर्डिंग पर आधारित है, जिसे राहुल के अनुसार 10 जुलाई 2026 को उनके तथा दिल्ली पुलिस के एक कार्यरत ACP के बीच हुई व्हाट्सऐप वार्ता बताया गया है।
उक्त ऑडियो के अनुसार, एसीपी बताए जा रहे व्यक्ति ने दिल्ली के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के संबंध में गंभीर भ्रष्टाचार संबंधी अनेक दावे किए हैं। वार्ता में कथित रूप से कहा गया है कि दिल्ली में फील्ड पोस्टिंग पर तैनात आईपीएस अधिकारी प्रतिमाह लगभग 5 से 10 करोड़ रुपये तक की अवैध आय प्राप्त करते हैं, हालांकि ऐसी फील्ड पोस्टिंग सामान्यतः 2-3 वर्ष तक ही रहती है। वार्ता में इस प्रकार के अनेक अन्य गंभीर दावे भी किए गए हैं।
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि जहां अधिवक्ता राहुल शर्मा ने उक्त व्यक्ति की पहचान संबंधित एसीपी के रूप में पूर्ण विश्वास के साथ की है, वहीं उनके स्वतंत्र सत्यापन में भी दिल्ली पुलिस में उसी नाम के एक कार्यरत एसीपी के पदस्थ होने की पुष्टि हुई है।
उन्होंने वक्ता के सत्यापन सहित पूरे प्रकरण की स्वतंत्र जांच कराते हुए उसके निष्कर्षों के अनुसार आवश्यक विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। प्रत्यावेदन के साथ ऑडियो रिकॉर्डिंग तथा अन्य उपलब्ध प्रासंगिक सामग्री भी संलग्न की गई है।