हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सिरफिरे शख्स ने एक दुकान के भीतर काम कर रहे एक युवक पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली। यह खौफनाक वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में लाइव कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सिरफिरे शख्स ने एक दुकान के भीतर काम कर रहे एक युवक पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली। यह खौफनाक वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में लाइव कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
दुकान में घुसकर किए नौ बार घातक वार
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान तेजबीर सिंह के रूप में हुई है। तेजबीर रोजाना की तरह दुकान के अंदर झाड़ू लगा रहा था और अपने काम में व्यस्त था। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर हाथ में लोहे की भारी रॉड लेकर अचानक दुकान के भीतर दाखिल हुआ। इससे पहले कि तेजबीर कुछ समझ पाता या खुद का बचाव कर पाता, हमलावर ने उस पर रॉड से हमला कर दिया। हमलावर ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी। उसने तेजबीर के सिर और शरीर पर एक के बाद एक करीब नौ बार जोरदार वार किए। इस जानलेवा हमले के बाद युवक लहूलुहान होकर वहीं गिर गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
बता दें कि इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें आरोपी का चेहरा और उसकी पूरी करतूत साफ दिख रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए बहुत से टीमों का गठन किया गया है। शुरुआती तौर पर पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह मामला किसी पुरानी रंजिश का है या हमलावर मानसिक रूप से सिरफिरा था। वहीं पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा।