भारत की पहली बुलेट ट्रेन सेवा अब शुरू होने के और करीब पहुंच गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना का पहला सेक्शन अगले साल यात्रियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। शुरुआती चरण में बुलेट ट्रेन गुजरात के सूरत और बिलिमोरा के बीच दौड़ेगी..
नई दिल्ली। भारत की पहली बुलेट ट्रेन सेवा अब शुरू होने के और करीब पहुंच गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना का पहला सेक्शन अगले साल यात्रियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। शुरुआती चरण में बुलेट ट्रेन गुजरात के सूरत और बिलिमोरा के बीच दौड़ेगी।
रेल मंत्री ने बताया कि परियोजना का काम चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। पहले सूरत-बिलिमोरा सेक्शन शुरू होगा, इसके बाद वापी-सूरत, फिर वापी-अहमदाबाद, अहमदाबाद-ठाणे और आखिर में अहमदाबाद से मुंबई तक पूरी लाइन तैयार की जाएगी। रेल मंत्रालय ने भी इस घोषणा का वीडियो साझा करते हुए कहा कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना अब अपने अगले चरण में पहुंच चुकी है।
अश्विनी वैष्णव ने हैदराबाद को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शहर को तीन हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर मिलेंगे, जिससे हैदराबाद देश का प्रमुख हाई-स्पीड रेल हब बनेगा। ये कॉरिडोर पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-चेन्नई और हैदराबाद-बेंगलुरु के बीच विकसित किए जाएंगे।
रेल मंत्री के मुताबिक, इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद कई प्रमुख शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। पुणे से हैदराबाद की दूरी करीब दो घंटे में तय होगी, जबकि हैदराबाद से मुंबई का सफर लगभग 2 घंटे 50 मिनट, चेन्नई का करीब 3 घंटे और बेंगलुरु का लगभग 2 घंटे 35 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से तेलंगाना को मिला रेलवे बजट और प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल परियोजनाएं राज्य के विकास को नई रफ्तार देंगी। इन कॉरिडोर के शुरू होने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, निवेश बढ़ेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा फायदा मिलेगा।