भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी है। कप्तानी की जिम्मेदारी हरमनप्रीत कौर के हाथों में रहेगी, जबकि टीम में दो नए खिलाड़ियों को पहली बार मौका दिया गया है।
BCCI: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी है। कप्तानी की जिम्मेदारी हरमनप्रीत कौर के हाथों में रहेगी, जबकि टीम में दो नए खिलाड़ियों को पहली बार मौका दिया गया है। टीम में अनुष्का शर्मा और काशवी गौतम को शामिल किया गया है। अनुष्का शर्मा एक बल्लेबाज हैं और उन्हें पहली बार इंटरनेशनल टीम में जगह मिली है। वहीं, काशवी गौतम मीडियम पेसर हैं और पहले ही टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में भारत के लिए खेल चुकी हैं।अनुष्का शर्मा ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। इसके अलावा, उन्होंने इस साल वुमेंस प्रीमियर लीग में गुजरात जायंट्स के लिए 7 मैचों में 177 रन बनाकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह टी20 सीरीज 17 अप्रैल से 27 अप्रैल तक खेली जाएगी। सीरीज के मुकाबले तीन शहरों—डरबन, जोहानिसबर्ग और बेनोनी में आयोजित होंगे। पहला मैच 17 अप्रैल को, दूसरा 19 अप्रैल को, तीसरा 22 अप्रैल को, चौथा 25 अप्रैल को और अंतिम मुकाबला 27 अप्रैल को खेला जाएगा।
टीम में हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, काशवी गौतम, भारती फुलमाली, उमा छेत्री (विकेटकीपर) और अनुष्का शर्मा को शामिल किया गया है।
आगामी आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 को देखते हुए यह सीरीज टीम इंडिया के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। हाल ही में वनडे विश्व कप जीत चुकी भारतीय टीम अब टी20 में भी खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी, जिसके चलते नए खिलाड़ियों को भी मौका दिया जा रहा है।