NEET विवाद को लेकर जारी आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और प्रवक्ता आशुतोष रांका ने दावा किया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से बातचीत के लिए बुलाए गए उनके प्रतिनिधियों को..
नई दिल्ली। NEET विवाद को लेकर जारी आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और प्रवक्ता आशुतोष रांका ने दावा किया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से बातचीत के लिए बुलाए गए उनके प्रतिनिधियों को कथित तौर पर नजरबंद कर दिया गया। साथ ही प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया।
सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले बातचीत का भरोसा दिया लेकिन उसी दौरान प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करवा दिया। उनका कहना है कि पार्टी के प्रतिनिधि सौरभ दास और आशुतोष रांका को जेपी नड्डा के आवास पर कई घंटों तक रोके रखा गया और इस दौरान उनसे संपर्क भी नहीं हो सका। दीपके ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर मार्च रोकना ही उद्देश्य था तो पानी की बौछार जैसे दूसरे विकल्प अपनाए जा सकते थे। लेकिन प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई छात्र घायल हुए। सीजेपी संस्थापक ने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान पुरुष पुलिसकर्मियों ने महिला प्रदर्शनकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
अनशन जारी रखने का ऐलान
दीपके ने कहा कि आंदोलन से जुड़े सोनम वांगचुक फिलहाल अपना अनशन खत्म नहीं करेंगे। उनके मुताबिक प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई से आहत होकर उन्होंने अपना अनशन जारी रखने का फैसला लिया है। साथ ही सीजेपी ने साफ किया कि विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा और जल्द ही अगले कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।