1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Padmaavat Controversy: जीभ काटने वाले को ₹1.51 लाख का इनाम, जौहर पर स्वरा भास्कर की टिप्पणी से बवाल

Padmaavat Controversy: जीभ काटने वाले को ₹1.51 लाख का इनाम, जौहर पर स्वरा भास्कर की टिप्पणी से बवाल

आगरा में स्वरा भास्कर के खिलाफ प्रदर्शन किया गया, उनके पोस्टर जलाए और कुचले गए। इतना ही नहीं, प्रदर्शन के दौरान एक संगठन के नेता ने उनकी जीभ काटने वाले को ₹1.51 लाख का इनाम देने की घोषणा भी की।

By Kalpna Pandey 
Updated Date

Padmaavat Controversy: अभिनेत्री स्वरा भास्कर के ‘जौहर’ को लेकर दिए गए बयान पर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब मामला सोशल मीडिया की बहस से निकलकर सड़क तक पहुंच गया है। पूरा विवाद फिल्म ‘पद्मावत’ के जौहर वाले दृश्य को लेकर शुरू हुआ। बता दें कि दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान स्वरा भास्कर ने फिल्म के उस दृश्य पर सवाल उठाए, जिसमें बड़ी संख्या में राजपूत महिलाएं जौहर करती दिखाई गई थीं।

पढ़ें :-  West Bengal Politics: ‘ये प्यार भरे बुलावे हैं’- TMC नेताओं को पुलिस समन पर महुआ मोइत्रा का तंज

स्वरा का कहना था कि इस तरह के चित्रण से आज की उन महिलाओं के बारे में गलत संदेश जा सकता है, जो यौन हिंसा जैसी भयावह घटना से बचकर अपना जीवन आगे बढ़ाना चाहती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी महिला के साथ अत्याचार होने के बाद उसके पास जीने का अधिकार नहीं है। स्वरा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया गया। कुछ लोगों ने उनके बयान को राजपूत महिलाओं और रानी पद्मावती के साहस और बलिदान का अपमान बताया। इसी विरोध के बीच आगरा में प्रदर्शन हुआ।

रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदर्शन का नेतृत्व योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर ने किया। प्रदर्शनकारियों ने स्वरा के बयान का विरोध करते हुए उनके पोस्टर जलाए और उनके खिलाफ नारेबाजी की। इसी दौरान स्वरा की जीभ काटने पर ₹1.51 लाख के इनाम की घोषणा किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस विवाद के बीच स्वरा भास्कर ने अपने बयान पर सफाई भी दी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने रानी पद्मावती या जौहर करने वाली महिलाओं को कभी कायर नहीं कहा। उनका दावा है कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया और उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया। स्वरा ने साफ किया कि उनका सवाल जौहर करने वाली महिलाओं के साहस पर नहीं, बल्कि फिल्म में जौहर के चित्रण और उसके संदेश को लेकर था।

 

वहीं दूसरी तरफ ‘पद्मावत’ के लेखक प्रकाश कपाड़िया ने जौहर के दृश्य का बचाव करते हुए कहा है कि फिल्म में उस समय की ऐतिहासिक परिस्थितियों और वास्तविकताओं को दिखाने की कोशिश की गई थी।यानी अब इस पूरे विवाद में दो अलग-अलग पक्ष सामने हैं। एक तरफ स्वरा भास्कर फिल्म में जौहर के चित्रण और उसके संदेश पर सवाल उठा रही हैं, तो दूसरी तरफ उनके बयान को राजपूत इतिहास और महिलाओं के बलिदान का अपमान बताकर विरोध किया जा रहा है। वैसे राजनीतिक या सामाजिक बहस कितनी भी तीखी हो, विरोध का तरीका कानून के दायरे में ही होना चाहिए। फिलहाल स्वरा भास्कर का बयान, आगरा का प्रदर्शन और ₹1.51 लाख के इनाम की घोषणा—तीनों ने इस पुराने पद्मावत विवाद को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...