रणबीर कपूर और यश स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही नए-नए रिकॉर्ड बनाने की राह पर है। पहले फिल्म के प्री-रिलीज बिजनेस ने सुर्खियां बटोरीं, अब इसकी म्यूजिक राइट्स डील को लेकर इंडस्ट्री में जबरदस्त चर्चा है...
Bollywood Updates: रणबीर कपूर और यश स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही नए-नए रिकॉर्ड बनाने की राह पर है। पहले फिल्म के प्री-रिलीज बिजनेस ने सुर्खियां बटोरीं, अब इसकी म्यूजिक राइट्स डील को लेकर इंडस्ट्री में जबरदस्त चर्चा है। खबर है कि निर्माता नमित मल्होत्रा फिल्म के पहले पार्ट के म्यूजिक राइट्स के लिए ₹100 करोड़ की डील करना चाहते हैं, जो सफल होने पर बॉलीवुड की सबसे बड़ी म्यूजिक राइट्स डील बन जाएगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स को अब तक ₹60 करोड़ और ₹70 करोड़ तक के ऑफर मिल चुके हैं, लेकिन उनकी कोशिश तीन अंकों वाली डील हासिल करने की है। बताया जा रहा है कि यह सौदा सभी भाषाओं के ग्लोबल म्यूजिक राइट्स के लिए होगा और फिलहाल सिर्फ ‘रामायण: पार्ट-1’ को लेकर बातचीत चल रही है।
फिल्म के म्यूजिक राइट्स खरीदने की दौड़ में देश की कई बड़ी म्यूजिक कंपनियां शामिल हैं। इनमें टी-सीरीज़, सोनी म्यूजिक, यूनिवर्सल और सारेगामा जैसे दिग्गज नाम शामिल बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टी-सीरीज़ ने करीब ₹60 करोड़ का प्रस्ताव दिया है, जबकि सोनी म्यूजिक की ओर से लगभग ₹70 करोड़ तक की पेशकश की गई है।
अगर यह डील ₹70 करोड़ पर भी फाइनल होती है, तब भी यह हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की अब तक की सबसे बड़ी म्यूजिक राइट्स डील होगी। फिलहाल यह रिकॉर्ड रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के नाम है, जिसके म्यूजिक राइट्स टी-सीरीज ने करीब ₹54 करोड़ में खरीदे थे।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। पहले भाग को इस साल दिवाली पर सिनेमाघरों में उतारने की तैयारी है, जबकि दूसरा भाग अगले साल दिवाली पर रिलीज होगा। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और अरुण गोविल राजा दशरथ की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
फिल्म की स्टारकास्ट, भव्य पैमाने और रिकॉर्डतोड़ बिजनेस को देखते हुए माना जा रहा है कि ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही बॉलीवुड के कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकती है।