सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में एक ऐसे मोड़ पर पहुंच गई, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी। बिहार की रहने वाली 38 वर्षीय महिला इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद 18 वर्षीय युवक के साथ रहने के लिए लखीमपुर पहुंच गई। जब इसकी जानकारी महिला के पति को मिली तो वह तीनों बच्चों के साथ पत्नी को मनाने यहां पहुंचा, लेकिन तमाम कोशिशों और पुलिस के समझाने
लखीमपुर खीरी: सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में एक ऐसे मोड़ पर पहुंच गई, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी। बिहार की रहने वाली 38 वर्षीय महिला इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद 18 वर्षीय युवक के साथ रहने के लिए लखीमपुर पहुंच गई। जब इसकी जानकारी महिला के पति को मिली तो वह तीनों बच्चों के साथ पत्नी को मनाने यहां पहुंचा, लेकिन तमाम कोशिशों और पुलिस के समझाने के बावजूद महिला अपने फैसले से पीछे नहीं हटी।
मामला नीमगांव थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि बिहार निवासी प्रद्युम्न की शादी करीब 15 साल पहले सुमन कुमारी उर्फ लवली से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। परिवार के मुताबिक सुमन सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर पोस्ट करती थी। इसी दौरान करीब छह महीने पहले उसकी इंस्टाग्राम पर लखीमपुर निवासी 18 वर्षीय पवन से दोस्ती हुई जो हरियाणा के सोनीपत में एक निजी कंपनी में काम करता है।
धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और करीब तीन महीने पहले महिला बिना किसी को बताए घर छोड़कर सीधे सोनीपत पहुंच गई। वहां दोनों साथ रहने लगे। बाद में सुमन कुछ और लोगों से भी फोन पर बात करने लगी थी जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ तो युवक अपने गांव लखीमपुर लौट आया। कुछ दिन बाद महिला भी उसके पीछे-पीछे गांव पहुंच गई, जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी युवक के परिवार और ग्रामीणों को हुई।
दो दिनों तक गांव में पंचायत चली और महिला को समझाने की कोशिश की गई। इस बीच गांव के प्रधान ने महिला के पति को भी सूचना दी। पति तीनों बच्चों के साथ बिहार से लखीमपुर पहुंचा और पत्नी से घर लौटने की अपील की, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया। सोमवार को मामला नीमगांव थाने पहुंचा, जहां घंटों तक पुलिस और दोनों परिवारों के बीच बातचीत चली, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
महिला का कहना है कि वह अब पति के साथ नहीं रहना चाहती और अपनी मर्जी से पवन के साथ जीवन बिताना चाहती है। उसका आरोप है कि पति कोई काम नहीं करता था, इसलिए उसने यह फैसला लिया। वहीं युवक का दावा है कि महिला ने शुरुआत में उसे अपनी शादी और बच्चों के बारे में नहीं बताया था।
उधर युवक के पिता राजेंद्र कुमार ने बताया कि परिवार को इस रिश्ते की जानकारी बाद में हुई। उन्होंने कहा कि काफी समझाने के बाद भी महिला अपने पति के साथ जाने को तैयार नहीं हुई। यदि वह यहीं रहना चाहती है तो परिवार को मजबूरी में उसका फैसला स्वीकार करना पड़ेगा।
नीमगांव थाना प्रभारी प्रवीण गौतम ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला पुलिस के पास आया था। महिला और युवक दोनों बालिग हैं। उन्हें काफी समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन महिला ने पति के साथ जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पति अपने तीनों बच्चों को लेकर वापस बिहार लौट गया।