नौतनवा में सपा की समीक्षा बैठक, 2027 में सत्ता वापसी का भरा गया दम
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा विधानसभा 316 स्तरीय समाजवादी पार्टी की कार्यकर्ता समीक्षा बैठक शनिवार को नौतनवा विकासखंड के सेमरातर चौराहा स्थित एक मैरेज हाल में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए।
बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को पहुंचाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही प्रत्येक बूथ पर सक्रिय टीम तैयार करने और चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। पार्टी नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ संगठन को मजबूत करेंगे और आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए जन-जन तक पहुंचेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रभारी ओपी यादव रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व एमएलसी प्रत्याशी डॉ. राजेश यादव, जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, नौतनवा विधानसभा अध्यक्ष विक्रम यादव, संजय कनौजिया, पप्पू खान, विजय यादव,भोला चौधरी, समसुद्दीन अली, जिला पंचायत सदस्य राम आशीष यादव, जिला उपाध्यक्ष राजू दुबे, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव बैजू यादव, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित चौबे, जुगेश यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में पार्टी नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ संगठन को मजबूत बनाने और विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन विजय बहादुर गौतम ने किया।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट
