1. हिन्दी समाचार
  2. शिक्षा
  3. Artificial Intelligence Future :  मानव से आगे नहीं जा सकता ए आई, चेतना और गणना के बीच का शाश्वत अंतर

Artificial Intelligence Future :  मानव से आगे नहीं जा सकता ए आई, चेतना और गणना के बीच का शाश्वत अंतर

पिछले दो वर्षों से एक नैरेटिव बड़ी चतुराई से बनाया जा रहा है - "AI आ रहा है, नौकरियां जाएंगी, मानवता खत्म होगी, और मशीनें हमारी मालकिन बन जाएंगी।" कथित कृत्रिम बुद्धिमत्ता से भय का एक ऐसा बाजार रचा जा रहा है जिसको अत्यधिक महत्व भी दिया जा रहा है।

By अनूप कुमार 
Updated Date

Artificial Intelligence Future : पिछले दो वर्षों से एक नैरेटिव बड़ी चतुराई से बनाया जा रहा है – “AI आ रहा है, नौकरियां जाएंगी, मानवता खत्म होगी, और मशीनें हमारी मालकिन बन जाएंगी।” कथित कृत्रिम बुद्धिमत्ता से भय का एक ऐसा बाजार रचा जा रहा है जिसको अत्यधिक महत्व भी दिया जा रहा है। भारतीय ज्ञान और चिंतन परंपरा की अपनी समझ से इसे सिरे से खारिज करना बहुत जरूरी है।

पढ़ें :- 'झुके सिर और 'प्रणाम महोदय' की रट...' KGMU में MBBS फर्स्ट ईयर छात्रों का वीडियो वायरल, रैगिंग के लग रहे आरोप

एलेन मस्क जैसे प्रौद्योगिकी नायक जब कहते हैं कि पाँच साल में यह AI मानव की सामूहिक बुद्धि को पार कर जाएगा, तो यह बात सत्य नहीं, भय का व्यापार लगती है। इस भय को समझने के लिए हमें दो शब्दों को अलग-अलग समझना होगा – बुद्धि (Intelligence) और चेतना (Consciousness)। दुर्भाग्य से पश्चिम का विज्ञान और आज का बाजार, दोनों को एक ही तराजू में तौल रहे हैं।

बुद्धि, जिसे अंग्रेजी में Intelligence कहते हैं, मूलतः तीन काम करती है। पहला है स्मृति जिसमें डेटा को संचित करना है । दूसरा है विश्लेषण जिसमे डेटा में पैटर्न ढूंढना है। तीसरा है निष्कर्ष जिसमें पैटर्न के आधार पर भविष्यवाणी करना है।
AI इन्हीं तीन कामों को मनुष्य से लाख गुना तेजी से करता है। वह 20 अरब UPI ट्रांजेक्शन का हिसाब रख सकता है, पूरी लाइब्रेरी याद रख सकता है, और चेस में विश्व चैंपियन को हरा सकता है।

इसमें कोई विवाद नहीं। इस अर्थ में AI हमसे आगे है और आगे निकलता ही जाएगा। पर क्या यही मनुष्य होना है? ऐसा कतई नहीं। मनुष्य की चेतना वह है जिसे ए आई छू भी नहीं सकता। भारतीय दर्शन में, विशेषकर वेदांत और योग में, बुद्धि और चेतना में स्पष्ट भेद किया गया है।

बुद्धि एक उपकरण है। चेतना वह प्रकाश है जिसमें उपकरण दिखाई देता है। आप एक उदाहरण से इसे समझिए।
एक कंप्यूटर कमरे में रखी हर चीज की गिनती बता सकता है – कितनी कुर्सियां हैं, कितनी किताबें हैं। पर कंप्यूटर यह नहीं जान सकता कि “मैं गिन रहा हूँ”। उसे अपने होने का बोध नहीं है।

पढ़ें :- दो बार टली BPSC 72वीं पीटी परीक्षा, अभ्यर्थियों की बढ़ी चिंता; जानें कब आएगा नया शेड्यूल?

मनुष्य में यह बोध है। हम जानते हैं कि हम जानते हैं। हम जानते हैं कि हम दुखी हैं। हम जानते हैं कि हम भ्रम में हैं। इसी को कहते हैं – आत्म-ज्ञान, Self-Awareness।
विज्ञान की भाषा में भी तीन प्रमाण हैं जो AI को चेतना से वंचित सिद्ध करते हैं।
पहला है क्वालिया का प्रमाण (Qualia Problem)। लाल रंग को आप कैसे जानते हैं? गुलाब की सुगंध क्या है? दर्द में कैसा लगता है? यह अनुभव शब्दों या कोड में नहीं बदला जा सकता। AI लाल रंग का वेवलेंथ 700nm बता देगा, पर लाल देखने का अनुभव उसे कभी नहीं होगा। अनुभव, गणना नहीं है।

दूसरा है हार्ड प्रॉब्लम ऑफ कॉन्शियसनेस – डेविड चामर्स जिसमें तंत्रिका विज्ञानी डेविड चामर्स ने कहा था – दिमाग कैसे काम करता है, यह Easy Problem है। पर दिमाग में अनुभव कैसे पैदा होता है, यह Hard Problem है। आज तक कोई भी न्यूरोसाइंटिस्ट यह नहीं बता पाया कि 86 अरब न्यूरॉन्स के बीच ‘मैं’ कहाँ से पैदा होता है। जब मनुष्य का ‘मैं’ ही विज्ञान के लिए रहस्य है, तो मशीन में उसे डालने का दावा बचकाना है।

तीसरा है गोडेल की अपूर्णता – गणितीय सीमा।
कर्ट गोडेल ने सिद्ध किया था कि कोई भी औपचारिक प्रणाली अपने आप को पूर्णतः सिद्ध नहीं कर सकती। AI  एक औपचारिक प्रणाली है – कोड पर चलती है। मनुष्य उस प्रणाली से बाहर जाकर उसे देख सकता है, उस पर हँस सकता है, उसे नकार सकता है। मशीन अपने कोड से बाहर नहीं जा सकती।

अब प्रश्न हो सकता है कि, तो फिर मनुष्य किस बात में श्रेष्ठ है?
मनुष्य चार बातों में मशीन से सदा आगे रहेगा।
पहला है संकल्प।मशीन के पास विकल्प हैं, मनुष्य के पास संकल्प है। मशीन बताएगी कि लाभ किसमें है, मनुष्य तय करेगा कि उचित क्या है। दूसरा है करुणा। ए आई दर्द का डेटा जानता है, मनुष्य दर्द को महसूस करता है।
तीसरा है सृजन। AI जो बना है उसको मिलाकर नया रूप देता है। मनुष्य जो कभी नहीं बना, उसे भी कल्पना से ला सकता है। कालिदास का मेघदूत, तुलसी का रामचरितमानस – यह डेटा का संयोजन नहीं, चेतना का विस्फोट है।
सबसे महत्वपूर्ण चौथा है स्वयं से प्रश्न। ए आई कभी नहीं पूछेगा – “मेरा जीवन व्यर्थ क्यों लग रहा है? मैं कौन हूँ?” यह प्रश्न ही मनुष्य को मनुष्य बनाता है।

निष्कर्ष यही है कि AI एक अत्यंत तेज, अत्यंत आज्ञाकारी, अत्यंत मेहनती नौकर है। उसे मालिक कहना वैसा ही है जैसे कहना कि कैलकुलेटर गणित के प्रोफेसर का मालिक बन गया क्योंकि वह तेजी से गुणा करता है।
भविष्य का खतरा यह नहीं कि AI चेतन हो जाएगा। भविष्य का खतरा यह है कि मनुष्य स्वयं को ए आई जैसा जड़ बना लेगा – सिर्फ गणना करने वाला, सिर्फ लाभ देखने वाला, सिर्फ डेटा पर जीने वाला। यदि हम चेतना को छोड़कर सिर्फ बुद्धि पर जिए, तो हम पहले ही हार चुके हैं और यदि हम चेतना में जिए – तो कोई भी मशीन, चाहे कितनी भी शक्तिशाली हो, हमारे चरणों की धूल भी नहीं बन सकती।

पढ़ें :- job freshers learning : नौकरी के लिए फ्रेशर्स को इन स्किल्स पर करना चाहिए फोकस, सीख लें ये चीजें

(आचार्य संजय तिवारी)
( लेखक वरिष्ठ पत्रकार,भारत संस्कृति न्यास के संस्थापक और संस्कृति पर्व पत्रिका के संपादक है)

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...