1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नेपाल में दो युवकों से चाकू की नोक पर लूट, नौतनवा कनेक्शन पर जांच तेज

नेपाल में दो युवकों से चाकू की नोक पर लूट, नौतनवा कनेक्शन पर जांच तेज

नेपाल में दो युवकों से चाकू की नोक पर लूट, नौतनवा कनेक्शन पर जांच तेज,कैसीनो में दोस्ती कर बनाया भरोसा, सुनसान रास्ते में मोबाइल–नकदी व अंगूठी लूटी

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नेपाल के भैरहवा में देर रात दो भारतीय युवकों से चाकू के बल पर लूट की वारदात सामने आने के बाद पुलिस जांच तेज हो गई है। आरोप है कि कैसीनो में दोस्ती कर तीन युवकों ने पहले भरोसा जीता और फिर सुनसान रास्ते पर ले जाकर दोनों पीड़ितों से मोबाइल, नकदी एवं अंगूठी छीन ली। जांच में नौतनवा कनेक्शन सामने आने के बाद नेपाल व भारतीय पुलिस सक्रिय हो गई है।

पढ़ें :- जब बड़ी संख्या में कानपुर पुलिस ​कमिश्नर कार्यालय पहुंचे ITBP के जवान तो मचा हड़कंप, जानिए क्या है पूरा मामला

पीड़ित शारिक पुत्र जमशेद आलम निवासी तिवारी टोला तथा इकबाल पुत्र असलम निवासी मठ वार्ड, नगर पंचायत लार (देवरिया) ने बताया कि वे गुरुवार रात करीब 11 बजे दुर्ग से नौतनवा पहुंचे थे। सोनौली के रास्ते वे नेपाल स्थित एक कैसीनो पहुंचे, जहां भोजन करने के बाद देर रात दूसरे कैसीनो में चले गए। इसी दौरान तीन युवक उनसे मिले और बातचीत करते हुए धीरे-धीरे विश्वास हासिल कर लिया।

पीड़ितों के अनुसार रात लगभग 3:17 बजे जब वे कैसीनो से बाहर निकले, तभी तीनों संदिग्ध उनके साथ चल पड़े। कुछ दूर सुनसान जगह पहुंचते ही आरोपियों ने चाकू निकालकर धमकाया और दोनों से मोबाइल फोन, नकदी व अंगूठी लूट ली। वारदात के बाद वे किसी तरह बस पार्क स्थित प्रहरी चौकी पहुंचे, जहां उनसे सुबह आने को कहा गया।

अगले दिन नेपाल पुलिस पीड़ितों को साथ लेकर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि एक आरोपी नौतनवा के राहुल नगर का निवासी है। बताया गया कि निर्माणा कैसीनो में आधार कार्ड के माध्यम से आरोपियों का सत्यापन भी किया गया था। घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज देखने पुलिस पहुंची, मगर कैमरा संचालक की अनुपस्थिति के चलते रिकॉर्डिंग तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी। देर रात होने पर पुलिस ने पीड़ितों को घर भेजकर शनिवार सुबह कार्रवाई का आश्वासन दिया।

शनिवार सुबह दोनों पीड़ितों ने नौतनवा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। जानकारी मिलते ही पुलिस ने राहुल नगर निवासी एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी, जो देर शाम तक जारी रही। उधर दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार लूट जैसे गंभीर मामले को थाने में पैसे के दम पर दबाने की कोशिश भी की जा रही है। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी कस्बे के ही निवासी हैं, जिनको बचाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या इतने गंभीर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई हो पाएगी?

पढ़ें :- आजम खान की बढ़ीं मुश्किलें: दो पैन कार्ड मामले में तीन साल बढ़ी सजा, बेटे अब्दुल्ला की सजा सात वर्ष बरकरार

इस संबंध में सीओ बसंत सिंह ने बताया कि घटना नेपाल की है, हालांकि प्रकरण गंभीर है। मामले की जानकारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नौतनवा से मोहम्मद आरिफ की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...