खुर्जा में शादी समारोह का एक पुराना वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने हवाई फायरिंग के मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल फुटेज में दूल्हे के कपड़ों में नजर आ रहा एक युवक मेहमानों के बीच कथित तौर पर पिस्टल से लगातार कई राउंड फायर करता दिखाई दे रहा है...
बुलंदशहर। खुर्जा में शादी समारोह का एक पुराना वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने हवाई फायरिंग के मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल फुटेज में दूल्हे के कपड़ों में नजर आ रहा एक युवक मेहमानों के बीच कथित तौर पर पिस्टल से लगातार कई राउंड फायर करता दिखाई दे रहा है। पुलिस के मुताबिक वीडियो में करीब 6 सेकंड 17 राउंड हवाई फायरिंग की गई।
वीडियो सोशल मीडिया पर दोबारा वायरल होने के बाद खुर्जा नगर पुलिस ने फुटेज की जांच शुरू की और उसमें दिखाई दे रहे युवक की पहचान कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
अपनी शादी का बताया जा रहा वीडियो
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन के मुताबिक वीडियो में हथियार चलाते दिखाई दे रहे युवक की पहचान शादाब के रूप में हुई है। वह खुर्जा नगर के मोहल्ला तरीनान का रहने वाला और सफीक का बेटा बताया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वीडियो करीब 2022 का है और शादाब की अपनी शादी के दौरान बनाया गया था। हालांकि इतने समय बाद वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
हथियार को लेकर भी जांच
वीडियो सामने आने के बाद इसमें इस्तेमाल किए गए हथियार को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे तुर्की निर्मित जिगाना पिस्टल बता रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी हथियार की पहचान या उसके लाइसेंस से जुड़ी कोई अंतिम पुष्टि नहीं की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में इस्तेमाल किया गया हथियार किसका था और उसे रखने की अनुमति थी या नहीं। स्थानीय स्तर पर आरोपी को हथियारों का शौकीन बताए जाने जैसी बातें भी सामने आई हैं, लेकिन इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
5 सेकेंड में 17 राउंड फायरिंग !!
Hello UP पुलिस, इस दूल्हे को STF में भर्ती कर लीजिए। बहुत काम आएगा।
नाम : शादाब
पता : खुर्जा, बुलंदशहर
योग्यता : आप सबने देख ली होगी pic.twitter.com/qGmFXFtyDb— Sachin Gupta (@Sachingupta) September 7, 2026
पढ़ें :- डीयू कुलपति के कार्यक्रम में हंगामा : सत्य निकेतन हादसे के बाद NSUI ने की कड़ी निंदा, पूछा- जिम्मेदार कौन?
आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें
मामला सामने आने के बाद खुर्जा नगर थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है, ताकि फायरिंग से जुड़े पूरे घटनाक्रम और हथियार के बारे में तथ्य जुटाए जा सकें। एसपी देहात ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस के मुताबिक उसे जल्द पकड़कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।