छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट (Bilaspur Airport) पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 (Alliance Air flight 9I613) के लैंडिंग के दौरान एक टायर पंक्चर हो गया। हालांकि पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया।
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट (Bilaspur Airport) पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 (Alliance Air flight 9I613) के लैंडिंग के दौरान एक टायर पंक्चर हो गया। हालांकि पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया। विमान में सवार सभी 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर समेत 41 लोग सुरक्षित हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, फ्लाइट ने शुक्रवार सुबह दिल्ली से उड़ान भरी थी। करीब 11 बजे बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान के बाईं ओर का टायर अचानक फट गया। घटना के बाद एयरपोर्ट पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय कर दी गई। विमान के रुकने के बाद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालकर रनवे से टर्मिनल भवन पहुंचाया गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने राहत की सांस ली। टायर फटने की घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। सुरक्षा कारणों से इसी विमान से बिलासपुर से आगे संचालित होने वाली उड़ान को रद्द कर दिया गया। विमान में आई तकनीकी खराबी की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
एलायंस एयर (Alliance Air) देश के क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने वाली प्रमुख एयरलाइनों में शामिल है। यह विशेष रूप से छोटे शहरों और क्षेत्रीय केंद्रों को बड़े महानगरों से जोड़ने का काम करती है। एयरलाइन की शुरुआत वर्ष 1996 में इंडियन एयरलाइंस की सहायक कंपनी के रूप में हुई थी और इसे पहले एयर इंडिया क्षेत्रीय के नाम से जाना जाता था।
वर्तमान में एलायंस एयर (Alliance Air) देश के विभिन्न शहरों के बीच क्षेत्रीय हवाई सेवाएं संचालित करती है और UDAN योजना के तहत छोटे एवं कम सेवा वाले शहरों को हवाई संपर्क से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है। फिलहाल बिलासपुर एयरपोर्ट (Bilaspur Airport) पर स्थिति सामान्य है और घटना में सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि की गई है।