1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 2027 चुनाव की तैयारी में अखिलेश, प्रदेशभर में निकालेंगें ‘समाजवादी पीडीए रथ यात्रा’

2027 चुनाव की तैयारी में अखिलेश, प्रदेशभर में निकालेंगें ‘समाजवादी पीडीए रथ यात्रा’

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी चुनावी अभियान की शुरुआत बड़े स्तर पर करने जा रही है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव सितंबर के पहले सप्ताह में ‘समाजवादी पीडीए रथ यात्रा’ निकालेंगे। माना जा रहा है कि इस यात्रा के जरिए सपा प्रदेशभर में अपना जनसंपर्क अभियान तेज करेगी और पीडीए..

By Harsh 
Updated Date

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी चुनावी अभियान की शुरुआत बड़े स्तर पर करने जा रही है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव सितंबर के पहले सप्ताह में ‘समाजवादी पीडीए रथ यात्रा’ निकालेंगे। माना जा रहा है कि इस यात्रा के जरिए सपा प्रदेशभर में अपना जनसंपर्क अभियान तेज करेगी और पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के साथ अन्य वर्गों को भी साधने की कोशिश करेगी।

पढ़ें :- जंतर-मंतर पहुंचीं सपा सांसद डिंपल यादव का बड़ा बयान, बोलीं-20 जुलाई को सोनम वांगचुक खत्म करेंगे भूख हड़ताल

धार्मिक स्थल से हो सकती है शुरुआत

सूत्रों के मुताबिक, रथ यात्रा की शुरुआत किसी प्रमुख हिंदू धार्मिक स्थल से की जा सकती है। अयोध्या, मथुरा और वाराणसी जैसे शहरों के नाम चर्चा में हैं। हालांकि अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है। राजनीतिक जानकार इसे भाजपा के सॉफ्ट हिंदुत्व एजेंडे का जवाब देने की रणनीति के तौर पर भी देख रहे हैं। हाल के दिनों में समाजवादी पार्टी राम मंदिर से जुड़े चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरती रही है।

403 विधानसभा सीटों तक पहुंचेगी यात्रा

पार्टी की योजना रथ यात्रा को उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों और 75 जिलों तक ले जाने की है। यात्रा के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जाट और गुर्जर बहुल इलाकों पर विशेष फोकस रहेगा। बुलंदशहर और मुरादाबाद मंडल को भी अभियान का अहम हिस्सा माना जा रहा है। सपा इस यात्रा के जरिए नए सामाजिक और राजनीतिक समीकरण मजबूत करने की तैयारी में है।

पढ़ें :- भाजपा अपने अनरजिस्टर्ड संगी-साथियों के अवैधानिक भवनों को कब ढहाएगी? जौहर यूनिवर्सिटी विवाद पर बोले अखिलेश यादव

अखिलेश खुद संभालेंगे कमान

बताया जा रहा है कि रथ यात्रा का नेतृत्व खुद अखिलेश यादव करेंगे। उनके साथ सांसद डिंपल यादव, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, शिवपाल सिंह यादव, पार्टी के सांसद, विधायक और जिलाध्यक्ष भी अलग-अलग चरणों में शामिल होंगे। यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, महंगाई और अन्य जनहित के मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरने की रणनीति भी बनाई गई है।

एक साल पहले गरमाई चुनावी सियासत

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं, लेकिन प्रमुख राजनीतिक दलों ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा भी अपने संगठन और चुनावी रणनीति को मजबूत करने में जुटी है। ऐसे में अखिलेश यादव की प्रस्तावित पीडीए रथ यात्रा को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के बड़े चुनावी अभियान की शुरुआत माना जा रहा है।

पढ़ें :- Video-गाजियाबाद: होटल में पत्नी को बॉयफ्रेंड के साथ पकड़ा, पति ने बीच सड़क पर जमकर कूटा
इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...