लखनऊ में बुधवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अयोध्या से पहुंची महिलाओं ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर अपना दर्द बताया। पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई में उनके घर और दुकानें तोड़ दी गईं और सामान निकालने के लिए भी पर्याप्त समय नहीं दिया गया...
लखनऊ में बुधवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अयोध्या से पहुंची महिलाओं ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर अपना दर्द बताया। पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई में उनके घर और दुकानें तोड़ दी गईं और सामान निकालने के लिए भी पर्याप्त समय नहीं दिया गया। मामले को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार से प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग की।
‘बेटी की शादी है, अब कुछ नहीं बचा’
अयोध्या की रहने वाली प्रीति चौहान अखिलेश यादव के सामने अपनी परेशानी बताते हुए रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि नवंबर में उनकी बेटी की शादी होनी है, लेकिन कार्रवाई के बाद परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। प्रीति के मुताबिक रात करीब डेढ़ बजे उनके घर पर बुलडोजर पहुंचा और मकान गिरा दिया गया। उन्होंने दावा किया कि घर का सामान और जेवर भी नहीं बचा सके। उन्होंने अखिलेश से मदद की गुहार लगाते हुए बताया कि उनके बच्चे अब बाहर बैठे हैं।
एक अन्य प्रभावित महिला सपना राजपाल ने आरोप लगाया कि उन्हें मकान और दुकान खाली करने के लिए पर्याप्त वक्त नहीं दिया गया। उनके मुताबिक, सामान हटाने के लिए महज आधे घंटे का समय बताया गया, जबकि गोदाम में फ्रीजर और रेफ्रिजरेटर समेत काफी सामान रखा था। कार्रवाई के बाद परिवार के सामने खाने और दवा तक के खर्च का संकट खड़ा हो गया।
अखिलेश बोले- विकास के खिलाफ नहीं, उजाड़ने के खिलाफ हैं
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अयोध्या के विकास में बाधा नहीं बनना चाहती। उन्होंने कहा कि भगवान राम की नगरी को आधुनिक और विश्वस्तरीय शहर के तौर पर विकसित किया जाना चाहिए, लेकिन विकास की प्रक्रिया में गरीब परिवारों और छोटे कारोबारियों के साथ संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अयोध्या में विकास और चौड़ीकरण के नाम पर गरीबों के घर-दुकान और रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों को नुकसान हुआ है, सरकार को उसकी भरपाई करनी चाहिए। अखिलेश ने यह भी कहा कि अगर मौजूदा सरकार ऐसा नहीं करती है तो भविष्य में सपा की सरकार बनने पर प्रभावित लोगों के मकान, दुकान और अन्य नुकसान की भरपाई की जाएगी।