उरई के कुठौंद थाना प्रभारी अरुण कुमार राय की शुक्रवार रात थान परिसर में स्थित उनके आवास में संदिग्ध हालात में मौत हो गयी थी। थाना प्रभारी को रिवाल्वर से गोली लगी थी, जिसके कारण उनकी मौत हो गयी थी। इस घटना के आरोप महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा पर लग रहा है। दिवंगत इंस्पेक्टर की पत्नी ने भी महिला सिपाही पर हत्या का आरोप लगाया है।
उरई। उरई के कुठौंद थाना प्रभारी अरुण कुमार राय की शुक्रवार रात थान परिसर में स्थित उनके आवास में संदिग्ध हालात में मौत हो गयी थी। थाना प्रभारी को रिवाल्वर से गोली लगी थी, जिसके कारण उनकी मौत हो गयी थी। इस घटना के आरोप महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा पर लग रहा है। दिवंगत इंस्पेक्टर की पत्नी ने भी महिला सिपाही पर हत्या का आरोप लगाया है। उधर, पुलिस महिला सिपाही को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इन सबके बीच पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें महिला सिपाही आवास से भागते हुए दिख रही है। अब पुलिस इसकी जांच करने में जुटी है।
दरअसल, बीते शुक्रवार रात नौ बजे थाना प्रभारी अरुण कुमार राय के आवास पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी। इस दौरान उनके कमरे से एक महिला सिपाही चिल्लाते हुए बाहर आई और बोली की थाना प्रभारी ने गोली मार ली। मौके पर कर्मचारी पहुंचे तो देखा कि, अरुण कुमार चारपाई पर मच्छरदानी के अंदर खून से लथपथ पड़े हुए थे। घटना से थाने में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन पुलिसकर्मी उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस सनसनीखेज वारदात की जानकारी मिलने पर डॉ. दुर्गेश कुमार और डीएम राजेश पांडे थाने पहुंचे, जहां उन्होंने जांच पड़ताल के साथ पूछताछ की। उधर, थाना प्रभारी की पत्नी ने महिला सिपाही पर हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात अरुण कुमार एक कार्यक्रम में शामिल होकर थाने लौटे और अपने आवास में चले गए। करीब साढ़े नौ बजे उनके आवास से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब साथी पुलिस कर्मी कमरे में पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़े मिले। मेडिकल कॉलेज में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एसपी डा. दुर्गेश कुमार ने बताया कि रात में एक महिला सिपाही ने सूचना दी कि साहब ने गोली मार ली है। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए गए हैं। डाॅक्टरों के तीन सदस्यीय पैनल से पोस्टमार्टम कराया है। इसकी वीडियोग्राफी भी हुई है। थाना प्रभारी की पत्नी माया राय ने कोंच कोतवाली के यूपी-112 में तैनात सिपाही मीनाक्षी शर्मा पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
वहीं, थाना प्रभारी की पत्नी की तरफ से कहा गया कि, वो कभी खुदकुशी नहीं कर सकते हैं। उनकी मौत के बाद महिला सिपाही निकलकर भागी थी जिसका नाम मीनाक्षी शर्मा बताया गया है। उनका आरोप है कि, पति की हत्या भी उसी महिला ने की है।