भारत-नेपाल पत्रकारों की दोस्ती का क्रिकेट संगम: भैरहवा में कल होगा मैत्री मैच, ट्रॉफी का हुआ अनावरण
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत-नेपाल के ऐतिहासिक और आत्मीय संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से लुंबिनी प्रेस क्लब, नेपाल के तत्वावधान में द्वितीय नेपाल-भारत पत्रकार मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच एवं सम्मान समारोह का आयोजन 26 जुलाई (रविवार) को सिद्धार्थ क्रिकेट रंगशाला, भैरहवा (नेपाल) में किया जाएगा। इस मैत्रीपूर्ण मुकाबले में भारत और नेपाल के बड़ी संख्या में पत्रकार हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम से एक दिन पूर्व शनिवार को भैरहवा स्थित एक होटल के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान नेपाली मीडिया टीम के कप्तान एवं लुंबिनी प्रेस क्लब के अध्यक्ष कमल रायमाझी तथा भारतीय टीम के कप्तान एवं प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से विजेता और उपविजेता ट्रॉफी का अनावरण किया।
प्रेस वार्ता में कमल रायमाझी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक संबंधों को जनस्तर पर और अधिक सशक्त बनाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से दोनों देशों के पत्रकारों के बीच मित्रता, विश्वास, सहयोग और भाईचारे को नई मजबूती देने के उद्देश्य से इस आयोजन का आयोजन किया जा रहा है।
रूपंदेही क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हरि बहादुर थापा ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल दोनों देशों के संबंधों को नई ऊर्जा देते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी आपसी सहयोग और सद्भाव की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
भारतीय मीडिया टीम के कप्तान अमित त्रिपाठी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने ‘रोटी-बेटी’ के संबंध रहे हैं। लुंबिनी प्रेस क्लब द्वारा लगातार दूसरे वर्ष आयोजित इस मैत्रीपूर्ण प्रतियोगिता में भारतीय मीडिया टीम पूरे उत्साह के साथ भाग ले रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन दोनों देशों के पत्रकारों के बीच संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ करेगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक भीम भंडारी, लुंबिनी प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष दीपक घिमिरे, दीपेंद्र बडुवाल, संस्थापक अध्यक्ष माधव ढुंगाना, कुलमणी ज्ञवाली, शारदा मल्ल, शम्भू पंत, दीपेश पछाईं, कृष्ण ढकाल सहित भारत और नेपाल के अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 