नौतनवां में फर्जी आधार–आयुष्मान कार्ड गैंग का भंडाफोड़
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत–नेपाल सीमा से सटे नौतनवां में एक ग्राहक सेवा केंद्र के भीतर पहचान से जुड़ा बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गुरुवार दोपहर करीब 2:40 बजे बैरवा बनकटवा टोला, मणि चौराहा स्थित एक CSC पर छापा मारकर दो युवकों को हिरासत में लेते हुए पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।
छापेमारी के दौरान दोनों युवक लैपटॉप और बायोमेट्रिक उपकरणों के साथ संदिग्ध तरीके से आधार एनरोलमेंट करते पाए गए। गिरफ्तार युवकों की पहचान
सूर्यनरायण (32) निवासी दुर्गापुर
धीरज चौरसिया (25) निवासी एकमा, लक्ष्मीपुर के रूप में हुई है।
यूट्यूब से सीखा तरीका, ‘मंटू’ देता था रिमोट एक्सेस
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने फर्जी एनरोलमेंट का तरीका यूट्यूब से सीखकर अपनाया। इसके बाद वे मन्टू कुमार नामक एक व्यक्ति के संपर्क में आए, जो खुद को अधिकारी बताकर AnyDesk ऐप के जरिए चोरी की आईडी–पासवर्ड से रिमोट लॉगिन उपलब्ध कराता था। आरोपी प्रति कार्ड 500 से 1000 रुपये लेते थे और आधी रकम यूपीआई से मन्टू को भेजते थे। प्रारंभिक जांच में करीब 20 फर्जी कार्ड बनाए जाने के प्रमाण मिले हैं।
मौके से बरामद सामान
पुलिस ने छापे के दौरान
Acer लैपटॉप
आइरिस स्कैनर डिवाइस
बायोमेट्रिक मशीन
तीन मोबाइल फोन
सात एनरोलमेंट स्लिप
₹3,450 नकद
बरामद किया।
कठोर धाराओं में कार्रवाई, मुख्य आरोपित फरार
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ BNS तथा आधार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। मुख्य साजिशकर्ता मन्टू कुमार फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी गई है।