जितने साल से नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, जवाहरलाल नेहरू जी उतने साल देश के लिए जेल में रहे हैं। उसके बाद नेहरू जी 17 साल देश के प्रधानमंत्री रहे हैं और देश के लिए काम किया है। नेहरू जी ने अगर ISRO नहीं बनाया होता, तो मंगलयान नहीं होता, DRDO नहीं बनाया होता, तो तेजस नहीं बनता, IIT-IIM नहीं बनवाए होते...
नई दिल्ली। लोकसभा में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने वंदे मातरम पर चर्चा में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, आज सदन में ‘वंदे मातरम्’ पर बहस की दो वजहें हैं। पहला बंगाल में चुनाव आने वाला है। ऐसे में हमारे प्रधानमंत्री महोदय अपनी भूमिका बनाना चाहते हैं। दूसरा जिन्होंने स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी, देश के लिए कुर्बानियां दीं, ये सरकार उन पर नए आरोप लादने का मौका चाहती है। ऐसा कर मोदी सरकार देश का ध्यान जनता के जरूरी मुद्दों से भटकाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाषण तो अच्छा देते हैं, लेकिन तथ्यों के मामले में कमजोर पड़ जाते हैं। मोदी जी जिस तरह तथ्यों को जनता के सामने रखते हैं, ये उनकी कला है। लेकिन मैं तो जनता की प्रतिनिधी हूं-कोई कलाकार नहीं हूं। साथ ही कहा कि, ‘वंदे मातरम्’ की सालगिरह पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भाषण दिया। मोदी जी ने अपने भाषण में कहा-1896 में गुरूदेव रवींद्रनाथ टैगोर जी ने पहली बार ‘वंदे मातरम्’ गीत को ‘एक अधिवेशन’ में गाया। लेकिन प्रधानमंत्री जी ये नहीं बता पाए कि वो कांग्रेस का अधिवेशन था- आखिर नरेंद्र मोदी किस बात से कतरा रहे थे?
प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि, कांग्रेस-देश के लिए है, BJP- चुनाव के लिए है…हम इस मिट्टी के लिए आपसे और आपकी विचारधारा से लड़ते रहेंगे। आप हमें रोक नहीं सकते। कांग्रेस के हर एक अधिवेशन में सामूहिक तौर पर वंदे मातरम् गाया जाता है। सवाल है: BJP-RSS के अधिवेशनों में वंदे मातरम् गाया जाता है या नहीं? देश की आत्मा के इस महामंत्र को विवादित करके BJP पाप कर रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी इस पाप में शामिल नहीं होगी। ये राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम्’ हमेशा से हमें प्यारा है, हमेशा से हमारे लिए पवित्र रहा है और हमेशा हमारे लिए पवित्र रहेगा।
साथ ही कहा कि, जितने साल से नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, जवाहरलाल नेहरू जी उतने साल देश के लिए जेल में रहे हैं। उसके बाद नेहरू जी 17 साल देश के प्रधानमंत्री रहे हैं और देश के लिए काम किया है। नेहरू जी ने अगर ISRO नहीं बनाया होता, तो मंगलयान नहीं होता, DRDO नहीं बनाया होता, तो तेजस नहीं बनता, IIT-IIM नहीं बनवाए होते, तो हम IT में आगे नहीं होते, AIIMS नहीं बनवाते, तो कोरोना का सामना कैसे होता और BHEL-SAIL जैसे PSUs नहीं बनवाए होते, तो विकसित भारत कैसे बनता। पंडित जवाहरलाल नेहरू जी इस देश के लिए जिए और देश की सेवा करते-करते उन्होंने दम तोड़ा।