हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बुरली कुंसल गांव के होनहार लाल 'रमन चौहान' भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल बन गए हैं। उनकी इस पदोन्नति से पूरे प्रदेश और विशेषकर उनके गृह क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बुरली कुंसल गांव के होनहार लाल ‘रमन चौहान’ भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल बन गए हैं। उनकी इस पदोन्नति से पूरे प्रदेश और विशेषकर उनके गृह क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
राजनीतिक और प्रतिष्ठित पारिवारिक पृष्ठभूमि
लेफ्टिनेंट कर्नल ‘रमन चौहान’ का संबंध एक प्रतिष्ठित राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से हैं। उनके दादा स्वर्गीय ठाकुर ‘अनूप सिंह चौंतड़ा’ विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक के रूप में जनता की सेवा कर चुके हैं। उनके पिता ‘दलीप सिंह चौहान’ एक निजी लिमिटेड कंपनी में बतौर स्टोर इंचार्ज अपनी सेवाएं देकर रिटायर हुए हैं, जबकि उनकी माता घर का काम संभालती हैं।
सैन्य शिक्षा कोर में मिली बड़ी जिम्मेदारी
‘रमन चौहान’ भारतीय सेना की सैन्य शिक्षा कोर (Army Education Corps – AEC) में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने अपनी उत्कृष्ट कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर लेफ्टिनेंट कर्नल का प्रतिष्ठित रैंक हासिल किया है। इस बड़ी उपलब्धि की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव बुरली कुंसल और बैजनाथ क्षेत्र में लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। वहीं स्थानीय नेताओं और ग्रामीणों का कहना है कि ‘रमन चौहान’ ने इस मुकाम पर पहुंचकर न सिर्फ अपने परिवार का, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन किया है। उनकी यह सफलता सेना में जाने का सपना देखने वाले प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।