जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन, जनपद लखनऊ द्वारा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से अनुरोध किया गया है कि चयन वेतनमान के सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र शिक्षकों को उनका वैधानिक लाभ प्रदान किया जाए। संगठन ने अवगत कराया कि चयन वेतनमान से संबंधित अनेक प्रकरण लंबे समय से लंबित हैं, जिससे पात्र शिक्षकों में गहरा असंतोष व्याप्त है।
लखनऊ। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन, जनपद लखनऊ द्वारा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से अनुरोध किया गया है कि चयन वेतनमान के सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र शिक्षकों को उनका वैधानिक लाभ प्रदान किया जाए। संगठन ने अवगत कराया कि चयन वेतनमान से संबंधित अनेक प्रकरण लंबे समय से लंबित हैं, जिससे पात्र शिक्षकों में गहरा असंतोष व्याप्त है। ऑनलाइन प्रक्रिया लागू होने के बावजूद अनावश्यक विलंब होना चिंताजनक है।
संगठन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर चयन वेतनमान की प्रक्रिया पूर्ण कर पात्र शिक्षकों को लाभ प्रदान नहीं किया गया, तो शिक्षक संगठन धरना–प्रदर्शन सहित आंदोलनात्मक कदम उठाने को विवश होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी विभाग की होगी। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन ने आशा व्यक्त की है कि विभाग शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर शिक्षकों की न्यायोचित मांगों को पूरा करेगा, जिससे अनावश्यक आंदोलन की स्थिति उत्पन्न न हो।
चयन वेतनमान को तरसे लखनऊ के शिक्षक, जब प्रक्रिया ऑनलाइन है तो फिर देरी क्यों?
लखनऊ जनपद में चयन वेतनमान की ऑनलाइन प्रक्रिया लागू होने के बावजूद पांच माह बीत जाने पर भी अनेक पात्र शिक्षक इसके लाभ से वंचित हैं। यह स्थिति तब है जब विभागीय कार्यों को डिजिटल और समयबद्ध बनाने का दावा किया गया था। शिक्षकों का कहना है कि शिक्षण कार्य के अतिरिक्त विभागीय, प्रशासनिक एवं निर्वाचन/बोर्ड ड्यूटी जैसे कार्य तत्काल प्रभाव से कराए जाते हैं, किंतु जब चयन वेतनमान निर्धारण की बात आती है तो ऑनलाइन प्रक्रिया होने के बावजूद अनावश्यक विलंब हो रहा है।
पात्र जूनियर सहायक अध्यापक लंबे समय से चयन वेतनमान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ऑनलाइन व्यवस्था का उद्देश्य पारदर्शिता एवं त्वरित निस्तारण था, परंतु वर्तमान स्थिति में शिक्षकों को इसका अपेक्षित लाभ प्राप्त नहीं हो पा रहा है, जिससे असंतोष बढ़ता जा रहा है।
शिक्षक संगठनों ने विभाग से मांग की है कि सभी लंबित ऑनलाइन प्रकरणों की तत्काल समीक्षा की जाए। समयबद्ध कार्ययोजना जारी कर चयन वेतनमान निर्धारण शीघ्र पूर्ण किया जाए। अनावश्यक विलंब के लिए जिम्मेदार स्तर पर जवाबदेही तय की जाए। यदि शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई तो शिक्षक संगठन लोकतांत्रिक एवं वैधानिक माध्यमों से अपनी आवाज बुलंद करने को बाध्य होंगे।
वार्ता में जनपद अध्यक्ष सुरेश जायसवाल, मलिहाबाद उपाध्यक्ष दिनेश चौधरी, मलिहाबाद कोषाध्यक्ष तेजेंद्र कुमार, राकेश कुमार, गोसाईगंज से संदीप कुमार, मोहनलालगंज से संतोष कुमार सहित अनेक शिक्षक एवं महिला शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।