पीएम मोदी ने कहा, बंगाल का ये चुनाव अब अंतिम चरण में है, लेकिन आपने एक बात नोटिस की होगी, 15 साल पहले टीएमसी मां-माटी-मानुष की बातें करके सत्ता में आई थी, लेकिन अब इनके मुंह से मां-माटी-मानुष ये शब्द तक नहीं निकलते। आखिर क्यों? क्या कारण है? ये टीएमसी वाले अगर मां-माटी-मानुष की याद दिलाएंगे तो इनके पाप सामने आ जाएंगे।
West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग को लेकर ताबड़तोड़ प्रचार जारी है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के बनगांव में चुनावी जनसभा को संबोधित किए। इस दौरान उन्होंने कहा, पहले चरण के मतदान में बंगाल ने कमाल कर दिया है। पहले चरण में टीएमसी का अहंकार टूट गया है। अब दूसरे चरण में भाजपा की प्रचंड जीत पक्की होने जा रही है।
पीएम मोदी ने कहा, बंगाल का ये चुनाव अब अंतिम चरण में है, लेकिन आपने एक बात नोटिस की होगी, 15 साल पहले टीएमसी मां-माटी-मानुष की बातें करके सत्ता में आई थी, लेकिन अब इनके मुंह से मां-माटी-मानुष ये शब्द तक नहीं निकलते। आखिर क्यों? क्या कारण है? ये टीएमसी वाले अगर मां-माटी-मानुष की याद दिलाएंगे तो इनके पाप सामने आ जाएंगे। टीएमसी की निर्ममता ने मां को रुला दिया, माटी को सिंडिकेट और घुसपैठियों के हवाले कर दिया और बंगाल के मानुष को पलायन के लिए मजबूर कर दिया।
साथ ही कहा, बंगाल के पास सब कुछ है। बंगाल के लोगों के पास सामर्थ्य भरपूर है, इसलिए बंगाल फिर से देश का नंबर वन राज्य बन सकता है। हमें बस नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आह्वान को याद रखना है। नेताजी ने कहा था, तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। नेताजी के इस आह्वान पर देशवासियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज बंगाल को आपके एक वोट की जरूरत है। आप हमें अपना आशीर्वाद दीजिए, अपना वोट दीजिए, हम आपको टीएमसी से आजादी दिलाएंगे।
पीएम ने कहा, टीएमसी के महाजंगलराज की सबसे बड़ी पीड़ित हमारी बहनें और बेटियां हैं। बहनों के साथ सबसे बड़ा धोखा हुआ है, इसलिए इस बार सबसे अधिक गुस्सा बहनों में ही दिख रहा है। संदेशखाली में बहनों के साथ गुंडे अन्याय करते रहे। टीएमसी की निर्मम सरकार गुंडों का साथ देती रही। यहां बहनों को ही गाली दी गई। बंगाल के भाइयों और बहनों, इसे कभी भी भूलना नहीं है। टीएमसी के महाजंगलराज में यहां से बेटियां लापता हो रही हैं, लेकिन यहां की टीएमसी सरकार सोई पड़ी है। बेटियों की इन्हें कोई चिंता नहीं है। अब और नहीं, 4 मई के बाद भाजपा की सरकार इन गुंडों का चुन-चुन कर हिसाब करेगी।
उन्होंने अगो कहा, भाजपा सरकार में यहां बंगाल की बहनों को अपनी बीमारी का इलाज टालने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हमारी सरकार आपको पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज देगी। जन औषधि केंद्र पर 80 प्रतिशत डिस्काउंट पर दवा दी जाएगी। ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की जांच और टीका मुफ्त लगाया जाएगा। साथ ही गर्भावस्था के दौरान ₹21,000 और ग्रेजुएशन के लिए बेटियों को ₹50,000 की मदद भाजपा सरकार देने वाली है। यानी बेटियों की पढ़ाई और दवाई, इसकी चिंता भाजपा सरकार करेगी।
बंगाल की भाजपा सरकार हर साल ₹36,000 बहनों के खाते में जमा करेगी। आंगनवाड़ी हो, अन्य महिला हेल्थ वर्कर हो, उनके वेतन को लेकर बंगाल भाजपा ने बड़ी घोषणा की है। बंगाल भाजपा ने बेटियों को सरकारी नौकरी में 33 प्रतिशत आरक्षण का भरोसा दिया है। यानी भाजपा की डबल इंजन सरकार से बंगाल की बहनों और बेटियों को डबल फायदा होगा। साथ ही कहा, मैं मतुआ-नामशूद्र और अन्य सभी शरणार्थी परिवारों से कहूंगा…आपको नागरिकता भी मिलेगी, आपको पक्का एड्रेस मिलेगा, आपको हर वो कागज मिलेगा, हर वो हक मिलेगा, जो किसी भी भारतवासी को मिलता है। ये मोदी की गारंटी है।