मध्य प्रदेश के कटनी में बाराबंकी निवासी वरिष्ठ आयकर अधिकारी मानवेंद्र प्रताप सिंह की मौत हो गई। गुरुवार रात माधवनगर के बरगवां स्थित आयकर विभाग के रेस्ट हाउस में उनका शव बंद कमरे के अंदर बेड पर मिला। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और शरीर पर भी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं...
कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी में बाराबंकी निवासी वरिष्ठ आयकर अधिकारी मानवेंद्र प्रताप सिंह की मौत हो गई। गुरुवार रात माधवनगर के बरगवां स्थित आयकर विभाग के रेस्ट हाउस में उनका शव बंद कमरे के अंदर बेड पर मिला। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और शरीर पर भी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
सुबह सरकारी ड्राइवर अधिकारी के कमरे पर कार की चाबी लेने पहुंचा था। कई बार बेल बजाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर कर्मचारियों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर माधवनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। मानवेंद्र प्रताप सिंह बेड पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने जांच के दौरान कमरे की तलाशी ली लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। शुरुआती तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
2024-25 में कटनी में हुई थी पोस्टिंग
मानवेंद्र प्रताप सिंह मूलरूप से बाराबंकी के निलालडिया असंदा गांव के रहने वाले थे। वह विजेंद्र प्रताप सिंह के बेटे थे। उनकी पोस्टिंग 2024-25 में कटनी आयकर कार्यालय में हुई थी। इसके बाद से वह बरगवां स्थित विभागीय रेस्ट हाउस में अकेले रह रहे थे जबकि उनका परिवार बाराबंकी में रहता है।
पोस्टमॉर्टम से साफ होगी वजह
माधवनगर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह यादव के मुताबिक, घटना की जांच की जा रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके कटनी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।