केरल सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए राज्य के विकास के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि सरकार का..
Kerala Budget 20226-27: केरल सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए राज्य के विकास के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य ‘नया केरल’ तैयार करना है, जहां समावेशी विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचा और निवेश बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बजट भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने माना कि राज्य इस समय वित्तीय दबाव, बढ़ती देनदारियों और महंगाई जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। इसके बावजूद सरकार ने दीर्घकालिक विकास की दिशा में कई नई योजनाओं की घोषणा की है।
इसी क्रम में सरकार ने ‘मिशन समुद्र’ लॉन्च करने का ऐलान किया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार का उद्देश्य बंदरगाह आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना और केरल को वैश्विक समुद्री व्यापार का प्रमुख केंद्र बनाना है। उम्मीद है कि इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
बजट में राज्य के चारों हवाई अड्डों के आसपास एविएशन और लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। सरकार का मानना है कि इससे व्यापार, परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
निवेश आकर्षित करने के लिए सरकार ‘डाटा-आधारित इन्वेस्ट केरल सेल’ भी शुरू करेगी। यह सेल कारोबार से जुड़ी बाधाओं की पहचान कर उन्हें दूर करने का काम करेगा, ताकि राज्य में नए उद्योग स्थापित हों और निवेशकों को बेहतर माहौल मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ मौजूदा आर्थिक चुनौतियों से निपटना नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में केरल को विकास, निवेश और रोजगार के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है। बजट में घोषित योजनाओं को इसी दिशा में उठाया गया बड़ा कदम माना जा रहा है।